निंबाहेड़ा: सूने घर में घुसे चोर, छत पर सो रहे थे परिजन और नीचे नकदी-जेवर लेकर हुए फरार
निंबाहेड़ा के हुडको कॉलोनी में एक सूने मकान को अज्ञात चोरों ने अपना निशाना बनाया। परिवार के सदस्य छत पर सो रहे थे और चोर नीचे से नकदी व सोने-चांदी के जेवरात ले उड़े। पुलिस मामले की जांच में जुटी है, जानिए क्या है पूरा मामला।

निंबाहेड़ा के एक मकान में टूटी हुई अलमारी और बिखरा हुआ सामान।
निंबाहेड़ा के कोतवाली पुलिस थाना क्षेत्र स्थित हुडको कॉलोनी में बीती रात अज्ञात बदमाशों ने एक सूने मकान को अपना निशाना बनाया। वारदात के समय परिवार के सदस्य मकान की छत पर सो रहे थे, जिसका फायदा उठाकर चोर मुख्य गेट का कुंदा और ताला तोड़कर भीतर दाखिल हो गए। इस दौरान बदमाशों ने घर में रखी नकदी और सोने-चांदी के कीमती जेवरात पर हाथ साफ कर दिया।
प्रार्थी दीपक सैन पुत्र देवलाल सैन ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि घर की सीढ़ियां बाहर की ओर होने के कारण परिवार के सभी सदस्य मुख्य गेट पर ताला लगाकर रात को छत पर सोने चले गए थे। रात करीब 12 बजे से सुबह 6 बजे के बीच अज्ञात चोरों ने गेट का कुंदा व ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया। चोरों ने कमरों में रखी अलमारी समेत अन्य स्थानों की गहन तलाशी ली और घर से करीब 20 हजार रुपये नकद, सोने का मंगलसूत्र, कानों की बालियां, सोने का मादलिया, चांदी की पायजेब सहित अन्य छोटे-बड़े सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर ले गए।
सुबह जब परिवार के सदस्य नीचे आए तो उन्हें घर का सामान बिखरा हुआ मिला। अलमारी का सामान और कपड़े भी इधर-उधर फैले हुए थे, जिससे चोरी की घटना का पता चला। प्रार्थी की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही अन्य साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई में जुटी है। चोरों ने अलमारी खंगालने के दौरान सामान को पूरी तरह से बाहर बिखेर दिया था, जिसकी तस्वीरें भी सामने आई हैं।

