निंबाहेड़ा के 29 हाजियों के लिए टोंक रुबात की सुविधा, दस्तावेज जमा
सफर-ए-हज 2027 के लिए निंबाहेड़ा के 29 हाजियों के दस्तावेज टोंक रुबात में जमा कराए गए। हाजी मोइनुद्दीन साहब के इस्तकबाल के साथ रुबात से मिलने वाली आर्थिक राहत और सुविधा की जानकारी सामने आई।

तस्वीर में निंबाहेड़ा हज खिदमत कमेटी के पदाधिकारी टोंक स्थित रुबात के जिम्मेदार हाजी मोइनुद्दीन साहब का फूलों की माला और मेवाड़ी पगड़ी पहनाकर इस्तकबाल करते हुए नजर आ रहे हैं।
निंबाहेड़ा के सफर-ए-हज 2027 पर जाने वाले 29 हाजियों को टोंक रुबात की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक दस्तावेज टोंक स्थित रुबात के जिम्मेदार हाजी मोइनुद्दीन साहब के दफ्तर में जमा कराए गए। इस दौरान हज खिदमत कमेटी निंबाहेड़ा की ओर से हाजी मोइनुद्दीन साहब का इस्तकबाल किया गया और हाजियों के लिए निरंतर रुबात की सुविधा उपलब्ध कराने पर उनका शुक्रिया अदा किया गया।
हज खिदमत कमेटी निंबाहेड़ा की ओर से हाजी मोइनुद्दीन साहब को 21 किलो की फूलों की माला और मेवाड़ी पगड़ी पहनाकर खैरमकदम किया गया। साथ ही नगर परिषद टोंक के चुनाव में पार्षद पद पर चयनित होने पर उन्हें मुबारकबाद भी पेश की गई।
कार्यक्रम में हज गाइडेंस सोसायटी टोंक से जुड़े हाजी मुश्ताक भाई, मोहम्मद असलम अंसारी साहब और जमील अहमद साहब का भी साफा पहनाकर एवं गुलपोशी कर इस्तकबाल किया गया।
हज खिदमत कमेटी से जुड़े पदाधिकारियों ने बताया कि टोंक रुबात की सुविधा मिलने से एक हाजी को लगभग 80 हजार रुपए तक की आर्थिक राहत मिल सकती है। रुबात की सुविधा हज यात्रियों के लिए आर्थिक दृष्टि से महत्वपूर्ण होने के साथ ही मुकद्दस सफर के दौरान ठहरने की व्यवस्था के लिहाज से भी उपयोगी है।
टोंक रुबात का संबंध टोंक रियासत के ऐतिहासिक दौर से जुड़ा हुआ बताया जाता है। करीब एक सदी पूर्व टोंक के नवाब द्वारा मक्का-मदीना शरीफ में हाजियों की सुविधा के लिए रुबात की व्यवस्था की गई थी। इसका लाभ पूर्व टोंक रियासत से जुड़े क्षेत्रों के हाजियों को मिलता आ रहा है। इनमें टोंक, निंबाहेड़ा, पीड़ावा, सिरोंज सहित अन्य क्षेत्र शामिल बताए जाते हैं।
इस मौके पर हज खिदमत कमेटी के पदाधिकारियों ने कहा कि मुकद्दस हज सफर पर जाने वाले आजमीन-ए-हज की खिदमत करना और उन्हें हरसंभव सुविधा उपलब्ध कराने में सहयोग करना नेक कार्य है। हज यात्रियों की सहूलियत के लिए रुबात की व्यवस्था में सहयोग करने वाले सभी जिम्मेदारों के प्रति कमेटी ने आभार व्यक्त किया। कमेटी ने दुआ की कि अल्लाह तआला सभी आजमीन-ए-हज के सफर को आसान फरमाए, उन्हें सलामती के साथ हरमैन शरीफ पहुंचाए और हज-ए-मबरूर की सआदत अता फरमाए।
इस दौरान हज खिदमत कमेटी निंबाहेड़ा के सदर मतलूब अजमेरी, नायब सदर हाजी भूरू जागीरदार, सचिव हाजी अख्तर पटेल, सलाहकार मोहम्मद फारूक छिपा, अनीस अहमद शेख, नईम मेव, मोहम्मद हनीफ मंसूरी, हाजी अहमद हुसैन, वसीम छिपा सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।
कमेटी की ओर से उम्मीद जताई गई कि सफर-ए-हज 2027 के सभी आजमीन-ए-हज को रुबात की सुविधा का लाभ मिले। वे मुकद्दस मक्का-मदीना शरीफ की हाजिरी देकर मुल्क, कौम और पूरे इंसानी समाज की खुशहाली, अमन-चैन एवं तरक्की के लिए दुआ करेंगे।

