निम्बाहेड़ा। धर्म और आस्था की नगरी निम्बाहेड़ा में शनिवार को लोक संस्कृति का अनूठा संगम देखने को मिला, जहाँ माहेश्वरी मोहल्ला स्थित पारंपरिक पूजन स्थल से ईसर-पार्वती की भव्य सवारी धूमधाम से निकाली गई। गणगौर उत्सव समिति के तत्वावधान में आयोजित इस महोत्सव ने पूरे नगर को भक्तिमय और उल्लासमय वातावरण में सराबोर कर दिया।

उत्सव की शुरुआत अलसुबह माहेश्वरी मोहल्ला स्थित पूजन स्थल पर हुई, जहाँ संयोजिका गीता देवी शारदा के अनुसार, सुहागिन महिलाओं और कुंवारी कन्याओं का ईसर-पार्वती की पूजा अर्चना के लिए तांता लगा रहा। श्रद्धलुओं ने ईसर-पार्वती की प्रतिमाओं का विधि-विधान से श्रृंगार किया और कुमकुम, काजल, हल्दी तथा मेंहदी की बिन्दियां लगाकर अखंड सौभाग्य एवं सुख-समृद्धि की कामना की। इस दौरान वातावरण 'गौर-गौर गणपति, ईसर पूजे पार्वती' जैसे पारंपरिक लोक गीतों से गुंजायमान रहा।

सायंकाल 5 बजे हाथीवाला मंदिर गणगौर उत्सव समिति के संयोजन में ईसर-पार्वती की प्रतिमाओं को सुसज्जित बग्घी में विराजमान कर शोभायात्रा का शुभारंभ हुआ। बैंड-बाजों की मधुर स्वर लहरियों के बीच यह सवारी नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरी, जिसमें ईसर-पार्वती की जीवंत झांकी विशेष आकर्षण का केंद्र रही। इस भव्य आयोजन में गायत्री शारदा, कमला बाहेती, शारदा जाजू, गीता शारदा, जानकी तोषनीवाल, ममता शारदा, शिखा शारदा, कृष्णा भराड़िया, आरती शारदा, बसंती शारदा, सोनिका काबरा, शकुंतला आगर, यशोदा शारदा, राधा जाजू, सीमा शारदा, रंजना आगार, रेणु जाजू, पूजा भराडिया, नीतू शारदा, द्रोपदी साबू, नीना बाहेती, रानी शारदा, किरण शर्मा, पूजा साबू, गीता समदानी, निशा मंत्री, साधना गुप्ता, दीपा शारदा, अंजू मनिहार, एकता सोनी, कमलेश शारदा, संध्या गुप्ता, अंजली बजाज, सोनाली शारदा, निशा मंत्री, सोनिया धूत, श्वेता धूत, अंजली शारदा, नेहा शारदा, भूमिका शारदा, सुनीता शारदा, सुमन सोनी, संगीता लुहाड़िया एवं रुक्मणि समदानी सहित बड़ी संख्या में महिलाओं ने शिरकत की।

शोभायात्रा माल गोदाम रोड स्थित सार्वजनिक उद्यान पहुँची, जहाँ माहेश्वरी मोहल्ला, इंदिरा काॅलोनी और नया बाजार क्षेत्र की महिलाओं ने सामूहिक रूप से पारंपरिक लोक नृत्यों की प्रस्तुति दी और विभिन्न सांस्कृतिक खेल खेले। यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक बना, बल्कि राजस्थान की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और नारी शक्ति के अटूट उत्साह को भी जीवंत कर गया।

Ruturaj Ravan

Ruturaj Ravan

यह प्रातःकाल मल्टीमीडिया में वेबसाइट मैनेजर और सोशल मीडिया एक्जीक्यूटिव के रूप में कार्यरत हैं, और पिछले तीन वर्षों से पत्रकारिता व डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं। इससे पूर्व उन्होंने दैनिक प्रहार में वेबसाइट प्रबंधन और सोशल मीडिया के लिए रचनात्मक कंटेंट निर्माण और रणनीतियों में अनुभव अर्जित किया। इन्होंने कोल्हापुर के छत्रपति शिवाजी महाराज विश्वविद्यालय से स्नातक और हैदराबाद के सत्या इंस्टीट्यूट से उच्च शिक्षा पूरी की। इन्हें SEO मैनेजमेंट, सोशल मीडिया और उससे संबंधित रणनीतियाँ तैयार करने में व्यापक अनुभव है।

Next Story