निम्बाहेडा: शादी के 7 दिन बाद नकदी लेकर लुटेरी दुल्हन फरार, इस्तगासे से FIR दर्ज
चित्तौड़गढ़ के निम्बाहेडा में सरकारी अस्पताल के कर्मचारी से शादी के नाम पर 2.20 लाख की ठगी, आरोपी दुल्हन और उसके साथियों के खिलाफ पुलिस ने दर्ज किया मामला।

निम्बाहेडा। जिला चिकित्सालय में कार्यरत सत्यनारायण पिता भगवानदास वैष्णव उम्र 30 साल, निवासी वरणी तहसील भीण्डर जिला उदयपुर, हाल मुकाम इन्द्रा कॉलोनी निम्बाहेडा के साथ शादी का झांसा देकर लुटेरी दुल्हन के फरार होने का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस धोखाधड़ी के संबंध में सत्यनारायण द्वारा अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट संख्या 1 निंबाहेड़ा के समक्ष पेश किए गए इस्तगासे पर कोतवाली थाने में पप्पुलाल उर्फ बाबुलाल यादव उम्र 46 साल निवासी गुर्जरो का बरवाडा, छोटीसादडी जिला प्रतापगढ, विष्णु पुत्र प्रहलाद खरात उम्र 32 वर्ष निवासी वाघी खुर्द, वाशिम (महाराष्ट्र), सीमा वाघमारे पुत्री ज्ञानेश्वर वाघमारे उम्र 32 वर्ष निवासी ग्राम सौवरगांव खुर्द मनावत जिला परभणी (महाराष्ट्र) व दो अन्य अभियुक्तों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 318 (4), 316(2), 61 (2), 352, 351 (2,3) के अंतर्गत प्रकरण दर्ज किया गया है।
जान-पहचान और शादी का झांसा
थाने में दर्ज रिपोर्ट के अनुसार, प्रार्थी सत्यनारायण सरकारी जिला हॉस्पीटल निम्बाहेडा में ठेकेदार के साथ मजदूरी का कार्य करता है, जहां उसकी जान-पहचान वहां कार्यरत अभियुक्त पप्पुलाल उर्फ बाबुलाल यादव से हुई थी। प्रार्थी के भाई ने बाबुलाल को बताया था कि सत्यनारायण अविवाहित है, इसलिए यदि कोई योग्य लडकी हो तो बताना। इस पर बाबुलाल ने 17 मार्च 2026 को सीमा वाघमारे नामक लडकी, उसके मामा विष्णु और दो अन्य व्यक्तियों को इन्द्रा कॉलोनी स्थित घर पर मिलवाया। जब फरियादी व उसके परिवार वालों को लडकी सीमा पसन्द आ गई, तो सीमा के मामा विष्णु पिता प्रहलाद खरात ने उन्हें बताया कि "लडकी के परिवार की आर्थिक स्थिति सही नहीं है, इसके माता-पिता नहीं हैं, इसलिये आपको मुझे शादी खर्च व कपडे-रकम जैवरात बनाने के लिये दो लाख रूपये देने पडेंगे।"
लाखों की वसूली और अदालती लिखापढी
अभियुक्तों की मांग के अनुसार, प्रार्थी ने जैवरात बनाने के लिये 1,10,000 रूपये दिए। इसके बाद बाबुलाल ने प्रार्थी से 65,000 रूपये नकद प्राप्त किये और अभियुक्तगण के झांसे में आकर उनके बताये विभिन्न नम्बरों पर 25,000 रूपये फोन पे के माध्यम से ट्रांसफर किये। विवाह के समय भी फरियादी से टुकडो-टुकडो में लगभग 20,000 रूपये नकद लिए गए। 18 मार्च 2026 को कोर्ट में स्टाम्प खरीद कर सीमा व उसके परिवार द्वारा बताये अनुसार लिखापढी करवाई गई। कागजी औपचारिकता के बाद लडकी सीमा को प्रार्थी को सुपुर्द किया गया और विश्वास दिलाया गया कि अब यह लडकी तुम्हारे साथ बतौर पत्नी रहेगी।
नकदी लेकर फरार हुई दुल्हन और मिली धमकियां
विवाह के बाद सीमा सात दिन तक प्रार्थी के साथ रही, लेकिन 26 मार्च 2026 को वह प्रार्थी की पेन्ट में रखे 20,000 रूपये नकद लेकर दिन के करीब 1 से 1.30 बजे बिना बताये कहीं चली गई। प्रार्थी ने जब बाबुलाल और विष्णु खरात को फोन किया, तो उन्होंने टालमटोल करते हुए कहा कि सीमा कहीं नहीं मिल रही है। इसके बाद वे हसते हुए बोले कि "बेवकुफ तू अपनी पत्नी को हीं संभाल नही पाया हमे क्यों फोन लगा रहा है" और फोन काट दिया। इसके बाद अभियुक्तों ने प्रार्थी का फोन उठाना बंद कर दिया। जब प्रार्थी ढूंढते हुए बाबुलाल के घर पहुंचा, तो बाबुलाल और उसकी पत्नी ने गाली-गलौज की और कहा कि "तुम्हारे अभी तक समझ में नहीं आया ये हमारा धंधा है, और हम तुम्हारे जैसे लोगो को रोज ही बेवकुफ बना कर लूटते हैं।" उन्होंने प्रार्थी को धमकी दी और धक्का-मुक्की कर भगा दिया।
पुलिस कार्रवाई और अनुसंधान
रिपोर्ट में बताया गया कि प्रार्थी द्वारा कोतवाली थाने व पुलिस अधीक्षक को सूचना देने के बाद भी जब कार्रवाई नहीं हुई, तो मजिस्ट्रेट के समक्ष इस्तगासा पेश किया गया। न्यायालय के आदेश पर अब कोतवाली थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है, जिसका अनुसंधान सहायक उपनिरीक्षक भेरूलाल द्वारा किया जा रहा है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
