नगर निकाय आम चुनाव-2026 के तहत जिले के चार नगरीय निकायों निंबाहेड़ा, बड़ीसादड़ी, कपासन और आकोला में शुक्रवार को मतदान होगा। मतदान की तैयारियों को अंतिम रूप देते हुए गुरुवार को अंतिम प्रशिक्षण के बाद मतदान दलों को संबंधित निकायों के लिए रवाना कर दिया गया। मतदान दल अपने निर्धारित मतदान केंद्रों पर पहुंचकर ईवीएम और निर्वाचन सामग्री की जांच करेंगे तथा मतदान से जुड़ी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देंगे।

चारों निकायों में कुल 96,814 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें निंबाहेड़ा नगर परिषद के 45 वार्डों में 58,651 मतदाता, कपासन के 25 वार्डों में 17,275 मतदाता, बड़ी सादड़ी के 25 वार्डों में 11,934 मतदाता तथा आकोला के 20 वार्डों में 8,954 मतदाता शामिल हैं।

रवानगी से पहले मतदान कार्मिकों को अंतिम प्रशिक्षण दिया गया। इसमें ईवीएम संचालन, मतदान प्रक्रिया, निर्वाचन आयोग के निर्देशों तथा मतदान केंद्र पर बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारी दी गई। कार्मिकों को संबंधित मतदान केंद्र पर पहुंचकर सभी निर्वाचन सामग्री और आवश्यक व्यवस्थाओं का परीक्षण करने के निर्देश दिए गए।

जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. मंजू के निर्देशन में चारों निकायों में निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। मतदान केंद्रों पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात रहेगा। वहीं, बुजुर्ग, दिव्यांग एवं विशेष श्रेणी के मतदाताओं को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।

जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. मंजू ने मतदाताओं से निर्भीक होकर मतदान करने और लोकतंत्र में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की है। अब शुक्रवार को निंबाहेड़ा, बड़ीसादड़ी, कपासन और आकोला के कुल 96,814 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।

Next Story