बोलेरो से मिले 89 हजार के नकली नोट, असली नोटों के बीच छिपाकर खपाने की थी तैयारी
सदर निंबाहेड़ा थाना पुलिस और जिला स्पेशल टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए बोलेरो वाहन से 500-500 रुपये के नकली नोट बरामद किए।

निंबाहेड़ा के सतखंडा क्षेत्र में सदर पुलिस और जिला स्पेशल टीम द्वारा नाकाबंदी के दौरान बोलेरो वाहन से 89,000 रुपये के नकली नोट बरामद करने के बाद गिरफ्तार किए गए आरोपी।
निंबाहेड़ा में सदर निंबाहेड़ा पुलिस और जिला स्पेशल टीम चित्तौड़गढ़ ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए सतखंडा क्षेत्र में नाकाबंदी के दौरान एक संदिग्ध बोलेरो वाहन से 500-500 रुपये के 178 नकली नोट बरामद किए। बरामद नकली नोटों की कुल कीमत 89,000 रुपये है। पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर बोलेरो वाहन जब्त किया है।
जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि अवैध गतिविधियों और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेंद्र सिंह जोधा तथा पुलिस उप अधीक्षक निंबाहेड़ा अधिकारी शिव प्रकाश टेलर के सुपरविजन में सदर निंबाहेड़ा थानाधिकारी संजय शर्मा के नेतृत्व में टीम गठित की गई थी। टीम ने सतखंडा क्षेत्र में विशेष नाकाबंदी की।
नाकाबंदी के दौरान नीमच हाईवे की तरफ से सफेद रंग की एक संदिग्ध बोलेरो आती दिखाई दी। पुलिस टीम ने वाहन को रुकवाकर उसकी सघन तलाशी ली। तलाशी के दौरान बोलेरो के डैशबोर्ड में 500-500 रुपये के बड़ी संख्या में नोट मिले। गिनती करने पर कुल 178 नोट मिले, जिनकी कीमत 89,000 रुपये थी।
पुलिस के अनुसार, पकड़े गए आरोपियों ने पुलिस को चकमा देने के लिए नकली नोटों के साथ 500-500 रुपये के 86 असली नोट भी रखे थे, जिनकी कुल कीमत 43,000 रुपये थी। इस तरह असली और नकली नोटों को साथ रखने का उद्देश्य उन्हें देखने में असली दिखाना था। पुलिस की सतर्कता और बारीकी से की गई जांच के कारण आरोपियों की यह कोशिश विफल हो गई। प्रथम दृष्टया नोटों के नकली होने का संदेह होने पर गहन जांच की गई, जिसमें नकली नोटों का यह जखीरा सामने आया।
पुलिस ने अहसान मोहम्मद पुत्र अजीज मोहम्मद, जाति मुसलमान, उम्र 34 वर्ष, निवासी पीथलवडी, थाना छोटीसादड़ी, जिला प्रतापगढ़ और समीर खान पुत्र अब्दुल सहिद, जाति मुसलमान, उम्र 35 वर्ष, निवासी चंदन चौक, निंबाहेड़ा, थाना कोतवाली निंबाहेड़ा, जिला चित्तौड़गढ़ को गिरफ्तार किया है।
प्राथमिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी इस खेप को स्थानीय बाजारों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में खपाने की तैयारी में थे। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि नकली नोटों का यह जखीरा कहां से लाया गया था और इस रैकेट के पीछे मुख्य सरगना कौन है। पुलिस को इस मामले में एक बड़े अंतरराज्यीय नकली नोट गिरोह के खुलासे की पूरी संभावना है।
कार्रवाई में सदर निंबाहेड़ा की टीम से एसआई कन्हैयालाल, इंचार्ज थाना सदर निंबाहेड़ा, एएसआई सकेन्द्र सिंह, कांस्टेबल जीवन, सूर्यभान सिंह, शिव कुमार और सुरेशचन्द्र शामिल रहे। जिला स्पेशल टीम में हैड कानि प्रमोद कुमार, कांस्टेबल रतन सिंह, बलराम मीणा, अमित कुमार, प्रितम, बलराम गुर्जर, मनोज कुमार और अजय कुमार शामिल रहे। बोलेरो से 89,000 रुपये के नकली नोटों की बरामदगी के बाद पुलिस की जांच अब इनके स्रोत और पूरे नेटवर्क तक पहुंचने पर केंद्रित है।

