निंबाहेड़ा में अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर शतायु मतदाता केसर बाई सम्मानित
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर वरिष्ठ नागरिकों के प्रति सम्मान प्रकट करने और लोकतंत्र में मतदाता जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया।

तस्वीर में अधिकारी निंबाहेड़ा में बुजुर्ग महिला मतदाता को सम्मान पत्र सौंपते हुए दिख रहे हैं।
अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर निंबाहेड़ा विधानसभा क्षेत्र में निर्वाचन विभाग की ओर से 100 वर्ष एवं उससे अधिक आयु के मतदाताओं के सम्मान का विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसी क्रम में भाग संख्या 90 की शतायु मतदाता श्रीमती केसर बाई पत्नी श्री लक्ष्मण बीरवाल का उनके निवास पर पहुंचकर सम्मान किया गया।
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार एवं निर्वाचन विभाग द्वारा आयोजित विशेष सम्मान कार्यक्रम के तहत शतायु मतदाताओं के प्रति सम्मान व्यक्त किया जा रहा है। उपखण्ड अधिकारी विकास पंचोली के निर्देशानुसार तहसीलदार एवं सहायक निर्वाचन अधिकारी निम्बाहेड़ा पुष्पेंद्र सिंह राजावत, नायब तहसीलदार संतोष भालोत, मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी शशि उपाध्याय, रमेश जोगी और रमेश लक्षकार ने श्रीमती केसर बाई वीरवाल को सम्मान पत्र भेंट किया।
इस दौरान बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) पवन शर्मा, राजेश जैन और भूपेंद्र प्रजापत ने शाल, माल्यार्पण और उपरना पहनाकर श्रीमती केसर बाई वीरवाल का अभिनंदन किया। अधिकारियों एवं उपस्थितजनों ने लोकतंत्र के प्रति उनके दीर्घकालीन योगदान को नमन किया।
निर्वाचन विभाग द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य वरिष्ठ एवं शतायु मतदाताओं के प्रति सम्मान व्यक्त करना तथा मतदाता जागरूकता को बढ़ावा देना है। कार्यक्रम के दौरान परिजनों एवं स्थानीय नागरिकों ने भी शतायु मतदाता का सम्मान किया और उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।

