निम्बाहेड़ा में 11 से 20 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले दस दिवसीय राष्ट्रीय दशहरा मेला 2026 में अस्थाई दुकानें लगाने को लेकर कारोबारियों में होड़ नजर आ रही है। मंगलवार शाम 7 बजे तक सीसी फैंसी एवं मनिहारी मार्केट की दुकानों के लिए कुल 204 आवेदन पत्र जमा हो चुके हैं। अस्थाई भूखंडों से नगर परिषद को करीब 12 लाख रुपए की राजस्व आय हुई है।

नगर परिषद निम्बाहेड़ा की ओर से पूर्व यूडीएच मंत्री एवं विधायक श्रीचंद कृपलानी के संरक्षण तथा सभापति श्रीमती शिल्पा भूतड़ा की अध्यक्षता में राष्ट्रीय दशहरा मेला 2026 का आयोजन किया जा रहा है। मेले के तहत अस्थाई दुकानों के आवंटन की प्रक्रिया निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जारी है।

नगर परिषद के राजस्व अधिकारी मुकेश कुमार मोहिल ने बताया कि मंगलवार शाम तक अस्थाई भूखंडों के लिए प्राप्त आवेदन पत्रों से नगर परिषद को करीब 12 लाख रुपए की राजस्व आय हुई है। उन्होंने बताया कि शेष आवेदन पत्र बुधवार दोपहर तक जमा किए जाएंगे।

दुकान आवंटन समिति के संयोजक कालू सेन ने बताया कि आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद 7 अक्टूबर, बुधवार को शाम 4 बजे से लॉटरी प्रक्रिया के माध्यम से अस्थाई दुकानों के भूखंडों का आवंटन किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि 8 अक्टूबर, गुरुवार को फैंसी एवं मनिहारी मार्केट के कॉर्नर भूखंडों का आवंटन नीलामी प्रक्रिया के माध्यम से किया जाएगा। नगर परिषद की ओर से मेले की तैयारियों के साथ अस्थाई दुकानों के आवंटन की प्रक्रिया भी तय कार्यक्रम के अनुसार आगे बढ़ाई जा रही है।

Next Story