निम्बाहेड़ा: 10 हजार का ईनामी तस्कर त्रिलोक चन्द गिरफ्तार, ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत कार्रवाई
सदर निम्बाहेड़ा पुलिस ने दो साल से फरार चल रहे आरोपी को धरा, ब्यावर और जोधपुर ग्रामीण पुलिस को भी थी एनडीपीएस एक्ट के मामलों में तलाश।

निम्बाहेड़ा। मादक पदार्थ तस्करी के विरुद्ध राजस्थान पुलिस के कड़े प्रहार 'ऑपरेशन त्रिनेत्र' को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। सदर निम्बाहेड़ा थाना पुलिस ने दो साल पुराने तस्करी के मामले में फरार चल रहे 10 हजार रुपये के इनामी अपराधी को घेराबंदी कर डिटेन करने में सफलता प्राप्त की है। जिला पुलिस अधीक्षक श्री मनीष त्रिपाठी के अनुसार, महानिरीक्षक पुलिस उदयपुर रेंज द्वारा अवैध मादक पदार्थों की धरपकड़ और वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी हेतु चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह प्रभावी कार्रवाई अमल में लाई गई है।
उक्त कार्रवाई एएसपी सरिता सिंह के निर्देशन एवं डीएसपी निम्बाहेड़ा बद्रीलाल के सुपरविजन में थानाधिकारी सदर निम्बाहेड़ा संजय शर्मा (पु.नि.) के नेतृत्व में गठित टीम द्वारा की गई। इस टीम में एएसआई सुन्दरपाल, सुरेश चन्द तथा कांस्टेबल धर्मचन्द, दयाराम, श्यामलाल, ओपीलाराम और शिवकुमार शामिल थे। पुलिस टीम ने सटीक सूचना के आधार पर वांछित आरोपी त्रिलोक चन्द पुत्र उदयलाल प्रजापत, निवासी चरलिया, हाल निवासी मेवासा, थाना सदर निम्बाहेड़ा, जिला चित्तौड़गढ़ को हिरासत में लिया।
पकड़ा गया आरोपी त्रिलोक चन्द ब्यावर जिले के थाना बर में दर्ज एन.डी.पी.एस. एक्ट के एक गंभीर प्रकरण में विगत दो वर्षों से वांछित था, जिस पर पुलिस अधीक्षक ब्यावर द्वारा 10 हजार रुपये का नकद इनाम घोषित किया गया था। इसके अतिरिक्त, आरोपी जोधपुर ग्रामीण जिले के थाना कापरड़ा में भी एन.डी.पी.एस. एक्ट के एक अन्य मामले में लंबे समय से फरार चल रहा था। पुलिस ने आरोपी को डिटेन कर इसकी सूचना संबंधित थानाधिकारियों को दे दी है। इस महत्वपूर्ण गिरफ्तारी के साथ ही जिला पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे मादक पदार्थ तस्करी या किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत निकटतम पुलिस थाने, कंट्रोल रूम या नारको टिप हेल्पलाइन नंबर 94604-25643 पर साझा कर अपराध मुक्त समाज बनाने में सहयोग करें।

Ruturaj Ravan
यह प्रातःकाल मल्टीमीडिया में वेबसाइट मैनेजर और सोशल मीडिया एक्जीक्यूटिव के रूप में कार्यरत हैं, और पिछले तीन वर्षों से पत्रकारिता व डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं। इससे पूर्व उन्होंने दैनिक प्रहार में वेबसाइट प्रबंधन और सोशल मीडिया के लिए रचनात्मक कंटेंट निर्माण और रणनीतियों में अनुभव अर्जित किया। इन्होंने कोल्हापुर के छत्रपति शिवाजी महाराज विश्वविद्यालय से स्नातक और हैदराबाद के सत्या इंस्टीट्यूट से उच्च शिक्षा पूरी की। इन्हें SEO मैनेजमेंट, सोशल मीडिया और उससे संबंधित रणनीतियाँ तैयार करने में व्यापक अनुभव है।
