निम्बाहेड़ा। मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी अरविंद कुमार मूंदड़ा के आदेशानुसार पंचायत समिति डोल्ट सभागार में आंगनबाड़ियों को विद्यालय से जोड़ने तथा प्रवेशोत्सव हाउस होल्ड सर्वे को लेकर वीसी का आयोजन किया गया। इस महत्वपूर्ण बैठक में ब्लॉक के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालयों के पीईईओ (PEEO) व संस्था प्रधानों ने भाग लेकर वीसी में प्राप्त सुझावों के आधार पर शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने का संकल्प लिया। मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी अरविंद कुमार मूंदड़ा के द्वारा निर्देश दिए कि डिजिटल प्रवेशोत्सव 2026-27 के अंतर्गत 'हाउस होल्ड सर्वे' के माध्यम से ड्रॉप-आउट एवं अनामांकित बच्चों को चिह्नित कर उनका शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित किया जाए।

परीक्षा परिणाम समीक्षा एवं जिला रैंकिंग पर चर्चा

राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय रानीखेड़ा में ब्लॉक स्तरीय संस्था प्रधानों की समीक्षा बैठक मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी अरविंद कुमार मूंदड़ा की अध्यक्षता में संपन्न हुई। यह बैठक कक्षा 10 एवं 12 के परीक्षा परिणाम की समीक्षा सहित जिला रैंकिंग बिंदुओं को लेकर आयोजित की गई। इस अवसर पर मूंदड़ा ने विद्यालयों के बेहतर परीक्षा परिणाम के लिए सभी संस्था प्रधानों को धन्यवाद दिया एवं नवीन सत्र के लिए और अच्छे परीक्षा परिणाम की योजना बनाने का मार्गदर्शन प्रदान किया, जिसमें ब्लॉक के समस्त पीईईओ और संस्था प्रधानों ने अपनी सहभागिता निभाई।

डिजिटल मॉनिटरिंग और पोर्टल प्रबंधन की अनिवार्यता

बैठक के दौरान "कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे" के संकल्प के साथ घर-घर जाकर अभिभावकों को प्रेरित करने की रणनीति बनाई गई। शाला दर्पण पोर्टल पर कार्मिक उपस्थिति एवं शिक्षक एप्प के माध्यम से विद्यार्थी उपस्थिति की मॉनिटरिंग पर विशेष ध्यान दिया गया। विद्यालयों द्वारा प्रतिदिन शिक्षक और विद्यार्थी उपस्थिति को ऑनलाइन पोर्टल पर दर्ज करने की अनिवार्यता पर जोर दिया गया। इसके साथ ही एमडीएम (MDM) एवं राजसिम्स (RajSMS) पोर्टल के तहत मिड-डे मील की दैनिक रिपोर्टिंग और राजसिम्स पोर्टल पर डेटा अपडेशन में किसी भी प्रकार की कोताही को गंभीरता से लेने के निर्देश दिए गए। साथ ही राजसिम्स पोर्टल की प्रगति की समीक्षा भी की गई।

ज्ञान संकल्प पोर्टल एवं जर्जर भवनों की सुरक्षा

अतिरिक्त मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी शशि कुमार उपाध्याय के द्वारा ज्ञान संकल्प पोर्टल के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। उन्होंने विद्यालयों के बुनियादी ढांचे के विकास हेतु भामाशाहों को जोड़ने और "ज्ञान संकल्प पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन डोनेशन को बढ़ावा देने" के निर्देश दिए। संस्था प्रधानों को निर्देशित किया गया कि वे जर्जर कमरों की नीलामी या मरम्मत हेतु आवश्यक प्रस्ताव तत्काल विभाग को प्रेषित करें ताकि वर्षा ऋतु से पूर्व सुरक्षा पुख्ता की जा सके। मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी अरविन्द कुमार मूंदड़ा के द्वारा जर्जर भवन एवं सुरक्षा संबंधी प्रस्ताव तथा विद्यालयों में सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने हेतु जर्जर भवनों के चिन्हीकरण पर विस्तृत चर्चा की गई।

टीम भावना से कार्य करने का आह्वान

बैठक के अंत में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों की सराहना की गई और सभी को टीम भावना के साथ नए सत्र को सफल बनाने का आह्वान किया गया। मीटिंग के दौरान अतिरिक्त ब्लॉक शिक्षा अधिकारी शशि कुमार उपाध्याय, मांगरोल प्रधानाचार्य दिलीप कुमार हिंगड़, पायरी प्रधानाचार्य कविता चौधरी, बिनोता प्रधानाचार्य डॉ. हीरालाल लुहार, बडोली माधोसिंह प्रधानाचार्य डॉ. रवीन्द्र कुमार उपाध्याय, अरनोदा प्रधानाचार्य नंद सिंह राणावत, डला उर्फ किशनपुरा प्रधानाचार्य गौरव बाला कच्छावा, मंडलाचारण प्रधानाचार्य रवीन्द्र सिंह सिसोदिया एवं मोहम्मद राशीद ने भी अपने विचारों एवं बेहतर रणनीति पर चर्चा की। अंत में रानीखेड़ा प्रधानाचार्य रजनी माहेश्वरी ने सभी संस्था प्रधानों का आभार व्यक्त किया।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story