निंबाहेड़ा में श्रावण मास पर ढाबेश्वर महादेव के भव्य श्रृंगार और महाकाल स्वरूप शाही सवारी सहित धार्मिक आयोजनों की तैयारियां शुरू हुईं।

निंबाहेड़ा नगर में आगामी श्रावण मास के धार्मिक आयोजनों को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में ढाबेश्वर महादेव व्यायामशाला में आयोजन की रूपरेखा और व्यवस्थाओं को लेकर बैठक आयोजित की गई।

बैठक में मंदिर के महंत शिवानंद गिरी ने श्रावण मास के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सभी को सेवा, अनुशासन एवं समर्पण भाव के साथ किसी भी कार्य को करना चाहिए। वहीं अखाड़े के उस्तादों ने कार्यक्रमों की रूपरेखा, व्यवस्थाओं एवं जिम्मेदारियों को लेकर आवश्यक दिशा निर्देश दिए।

बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि श्रावण मास के प्रत्येक सोमवार को भगवान ढाबेश्वर महादेव का भव्य श्रृंगार किया जाएगा। श्रावण मास के चौथे सोमवार को भगवान महादेव की महाकाल स्वरूप में नगर के प्रमुख मार्गों से शाही सवारी निकाली जाएगी। इसके साथ ही पांचवें सोमवार को पारंपरिक अखाड़े का प्रदर्शन किया जाएगा।

श्रावण मास के आयोजनों के तहत युवाओं को प्रोत्साहित करने और पारंपरिक अखाड़ा संस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से वेटलिफ्टिंग प्रतियोगिता तथा मुगदर प्रतियोगिता का भी आयोजन किया जाएगा।

बैठक के दौरान श्रावण मास के सभी आयोजनों को सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सदस्यों को उनकी योग्यता एवं रुचि के अनुसार विभिन्न व्यवस्थाओं का दायित्व सौंपा गया।

बैठक में मंदिर के महंत शिवानंद गिरी, बंसी लाल कुमावत, बाबूलाल जाट एवं अशोक कुमावत सहित व्यायामशाला के अन्य सदस्य उपस्थित रहे। श्रावण मास के दौरान होने वाले ये धार्मिक और पारंपरिक आयोजन निंबाहेड़ा में आस्था के साथ अखाड़ा संस्कृति को भी मजबूती देने की दिशा में आयोजित किए जाएंगे।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story