पंचायत राज चुनाव में जीत के लिए बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करें : आंजना
निंबाहेड़ा में कांग्रेस की संगठनात्मक बैठक में आगामी पंचायत राज चुनावों की तैयारियों पर मंथन हुआ। उदयलाल आंजना ने बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने, कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने और जनसंपर्क बढ़ाने का आह्वान किया।

तस्वीर में निंबाहेड़ा में आयोजित ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की संगठनात्मक बैठक के दौरान मंच पर बैठे पूर्व सहकारिता मंत्री उदयलाल आंजना और अन्य कांग्रेस नेता तथा सामने बैठे कार्यकर्ता नजर आ रहे हैं।
निंबाहेड़ा में आगामी पंचायत राज चुनावों को लेकर कांग्रेस ने संगठनात्मक तैयारियों को तेज कर दिया है। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार शुक्रवार को निंबाहेड़ा ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक आयोजित हुई, जिसमें पंचायत एवं बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने और कांग्रेस की जनहितैषी नीतियों एवं विचारधारा को गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचाने पर मंथन किया गया। बैठक में गत दिनों नवनियुक्त ब्लॉक कांग्रेस कमेटी एवं ग्राम पंचायत अध्यक्षों का स्वागत भी किया गया।
बैठक शुक्रवार प्रातः 11 बजे मढ़ा चौराहे से रानीखेड़ा चौराहे के मध्य स्थित होटल सागर (दुर्गा ट्रांसपोर्ट) में आयोजित हुई। ब्लॉक कांग्रेस प्रवक्ता नितेश कुमार आंजना ने बताया कि बैठक के मुख्य अतिथि राजस्थान प्रदेश कांग्रेस अनुशासन समिति के अध्यक्ष एवं पूर्व सहकारिता मंत्री उदयलाल आंजना थे। विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष अभय मेहता, जिला कांग्रेस महासचिव जगदीश सुथार एवं प्रिंस बाबेल उपस्थित रहे। इस अवसर पर गत दिनों नवगठित निंबाहेड़ा ब्लॉक कांग्रेस का अपनाना स्वागत किया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए पूर्व सहकारिता मंत्री उदयलाल आंजना ने कहा कि आगामी पंचायत राज चुनाव कांग्रेस संगठन के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं। चुनावी सफलता के लिए संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करना, प्रत्येक बूथ पर कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना और आमजन से निरंतर संवाद बनाए रखना आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहकर आमजन की समस्याओं को प्राथमिकता से उठाएं तथा प्रदेश एवं केंद्र की कांग्रेस की जनहितैषी नीतियों, विचारधारा और कार्यक्रमों को जनता तक पहुंचाएं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय, अनुशासन, संगठनात्मक एकजुटता और पूर्ण समर्पण के साथ पंचायत राज चुनावों की तैयारियों में जुटने का आह्वान किया।
आंजना ने कहा कि कांग्रेस हमेशा से आमजन, किसान, मजदूर, युवा और वंचित वर्गों की आवाज बनकर कार्य करती रही है। पंचायत राज चुनाव गांवों की मूलभूत समस्याओं और विकास से सीधे जुड़े हुए हैं। ऐसे में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है कि वे जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं और अपेक्षाओं को समझें तथा संगठन को मजबूत बनाते हुए चुनावी मैदान में पूरी ताकत के साथ उतरें।
बैठक में पंचायत राज चुनावों को लेकर क्षेत्रवार संगठनात्मक स्थिति की समीक्षा की गई। पंचायत स्तर पर कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय बढ़ाने, बूथ कमेटियों को सक्रिय करने, मतदाताओं से सतत संपर्क स्थापित करने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में कांग्रेस के जनसंपर्क अभियान को गति देने पर भी चर्चा हुई। कार्यकर्ताओं से आगामी चुनावों को लेकर अभी से पूरी गंभीरता और सक्रियता के साथ जुटने का आह्वान किया गया।
बैठक में निंबाहेड़ा ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष संपत धाकड़, जिला कांग्रेस कमेटी उपाध्यक्ष गोपाल आंजना, जिला कांग्रेस कमेटी के पूर्व उपाध्यक्ष पुरुषोत्तम झंवर, गोपाल जाट, जिला विधि, मानवाधिकार एवं आरटीआई विभाग अध्यक्ष लक्ष्मण सिंह सोलंकी, मिन्नाना ग्राम पंचायत अध्यक्ष रघुवीर सिंह शक्तावत, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी प्रवक्ता बालकिशन अहीर, कनेरा मंडल युवा कांग्रेस अध्यक्ष कन्हैयालाल मेघवाल सहित अन्य कांग्रेसजनों ने भी अपने विचार व्यक्त किए। बैठक का संचालन ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष भोपराज टांक ने किया।
बैठक में बड़ी संख्या में कांग्रेसजन, जनप्रतिनिधि, ब्लॉक कांग्रेस पदाधिकारी, अग्रिम संगठनों के प्रतिनिधि, कार्यकर्ता एवं ग्रामीण क्षेत्र के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। आगामी पंचायत राज चुनावों में कांग्रेस संगठन को मजबूत एवं प्रभावी बनाने को लेकर बैठक के दौरान कार्यकर्ताओं में उत्साह दिखाई दिया। संगठन को पंचायत से लेकर बूथ स्तर तक सक्रिय करने पर दिए गए जोर के साथ कांग्रेस ने चुनावी तैयारियों को जमीनी स्तर पर गति देने का संदेश दिया।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
