निंबाहेड़ा: 58 गांवों के लिए 121 करोड़ की चंबल पेयजल परियोजना स्वीकृत
जल जीवन मिशन के तहत निंबाहेड़ा ब्लॉक की 14 ग्राम पंचायतों में पाइपलाइन और टंकियों के निर्माण हेतु टेंडर प्रक्रिया पूरी, विधायक श्रीचंद कृपलानी ने दी जानकारी।

निंबाहेड़ा। भारत सरकार की महत्वाकांक्षी 'जल जीवन मिशन' योजना के अंतर्गत निंबाहेड़ा विधानसभा क्षेत्र के विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक अध्याय जुड़ने जा रहा है। पूर्व यूडीएच मंत्री एवं वर्तमान विधायक श्रीचंद कृपलानी की सतत अनुशंसा और प्रयासों के परिणामस्वरूप निंबाहेड़ा ब्लॉक की 14 ग्राम पंचायतों के 58 गांवों में चंबल परियोजना के माध्यम से स्वच्छ पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने का कार्य अब धरातल पर उतरने के लिए तैयार है। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा एवं जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग (PHED) के मंत्री कन्हैयालाल चौधरी के कुशल निर्देशन में इस परियोजना को तीव्र गति प्रदान की गई है, जिसके लिए विभाग द्वारा 121.05 करोड़ रुपये की भारी-भरकम राशि स्वीकृत कर दी गई है।
प्रशासनिक स्तर पर इस बृहद परियोजना के लिए निविदा प्रक्रिया को पूर्ण कर लिया गया है, जिसके पश्चात अब जल्द ही संबंधित ठेकेदार को कार्यादेश (वर्क ऑर्डर) जारी कर निर्माण कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा। जलदाय विभाग के आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, इस योजना के अंतर्गत चिन्हित गांवों में उच्च क्षमता वाली पानी की टंकियों का निर्माण किया जाएगा और सघन पाइपलाइन नेटवर्क बिछाकर प्रत्येक घर तक नल से शुद्ध जल पहुंचाने की व्यवस्था की जाएगी। यह कदम क्षेत्र में दशकों से चली आ रही विकट पेयजल समस्या के स्थाई और प्रभावी समाधान के रूप में देखा जा रहा है।
विधायक श्रीचंद कृपलानी ने इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि जल जीवन मिशन के माध्यम से प्रत्येक घर तक शुद्ध पेयजल की पहुंच सुनिश्चित करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता रही है। उन्होंने चंबल के अमृत समान जल को निंबाहेड़ा के ग्रामीण अंचलों तक पहुंचाने को एक युगांतकारी निर्णय बताया, जो न केवल आमजन को भीषण जल संकट से मुक्ति दिलाएगा बल्कि क्षेत्र के सामाजिक-आर्थिक विकास में मील का पत्थर भी सिद्ध होगा। उन्होंने आश्वस्त किया कि राज्य सरकार ग्रामीण बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और भविष्य में भी जनहितकारी परियोजनाओं को इसी तत्परता से पूरा किया जाएगा।
इस विस्तृत कार्ययोजना के अंतर्गत अरनिया जोशी ग्राम पंचायत के भुज्याखेड़ी, कृपाराम जी की खेड़ी, मोठा व टीलाखेड़ा; अरनोदा ग्राम पंचायत के अरनोदा, चरलिया व मेवासा; बांगेडा घाटा ग्राम पंचायत के भुवानीया खेड़ी, देवपुरा, गुर्जर खेड़ी, मनोहर खेड़ी व बांगेडा घाटा; बडावली ग्राम पंचायत के बडावली, गडवाडा, घाटटोप, कोचवा व पानगढ़; भावलिया ग्राम पंचायत के आजमपुरा, भावलिया, भोपाली, चरलिया गदिया, रामपुरा व रावलिया; तथा कनेरा ग्राम पंचायत के कनेरा, पटीयार व सेमलिया गांव लाभान्वित होंगे। इसी प्रकार कारूंडा ग्राम पंचायत के कारूंडा, पायरी, पिपलिया गदिया व सांड; मेलाना ग्राम पंचायत के एकलिंगपुरा, लुणखंदा व मेलाना; मांगरोल ग्राम पंचायत के मांगरोल व मुरलिया; निम्बोदा ग्राम पंचायत के धारेश्वर, गुंदारेल, हीरा जी का खेड़ा, लक्ष्मीपुरा, निम्बोदा व रावलिया; सरसी ग्राम पंचायत के बेणीपुरिया, चोलनी, देवपुरिया, मरदपुरा, पीलखेड़ी, सरसी व श्रीपुरा; सतखण्डा ग्राम पंचायत के हसनपुरा, मोहम्मदगंज व सतखण्डा; टाई ग्राम पंचायत के मोहम्मदपुरा, नवाबपुरा, पेमदिया का खेड़ा, सरथल व टाई; तथा उंखलिया ग्राम पंचायत के फाचर सोलंकी एवं उंखलिया गांवों में जल जीवन मिशन के तहत पेयजल हेतु बुनियादी ढांचे का विकास किया जाएगा।
इसके अतिरिक्त, क्षेत्र के सर्वांगीण विकास की कड़ी में विधायक कृपलानी ने एक और बड़ी सौगात की जानकारी साझा करते हुए बताया कि निंबाहेड़ा ब्लॉक के 81 तथा छोटीसादड़ी ब्लॉक के 93 गांवों सहित कुल 174 गांवों के लिए 430.64 करोड़ रुपये की लागत वाली 'जाख़म परियोजना' की निविदा भी वर्तमान में प्रक्रियाधीन है, जो आगामी समय में क्षेत्र की तस्वीर बदल देगी।

Ruturaj Ravan
यह प्रातःकाल मल्टीमीडिया में वेबसाइट मैनेजर और सोशल मीडिया एक्जीक्यूटिव के रूप में कार्यरत हैं, और पिछले तीन वर्षों से पत्रकारिता व डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं। इससे पूर्व उन्होंने दैनिक प्रहार में वेबसाइट प्रबंधन और सोशल मीडिया के लिए रचनात्मक कंटेंट निर्माण और रणनीतियों में अनुभव अर्जित किया। इन्होंने कोल्हापुर के छत्रपति शिवाजी महाराज विश्वविद्यालय से स्नातक और हैदराबाद के सत्या इंस्टीट्यूट से उच्च शिक्षा पूरी की। इन्हें SEO मैनेजमेंट, सोशल मीडिया और उससे संबंधित रणनीतियाँ तैयार करने में व्यापक अनुभव है।
