निम्बाहेड़ा नगर परिषद की नवनिर्वाचित प्रथम सभापति श्रीमती शिल्पा भूतड़ा ने पूर्व यूडीएच मंत्री एवं विधायक श्रीचंद कृपलानी के नेतृत्व में शनिवार को प्रतापगढ़ में राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से मुलाकात की। इस दौरान नगर परिषद के उपसभापति निलेश मेहता भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री से शिष्टाचार भेंट के दौरान क्षेत्र एवं नगर के विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के प्रतापगढ़ आगमन के अवसर पर आयोजित शिलान्यास एवं लोकार्पण कार्यक्रम में विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया गया। इसी कार्यक्रम के दौरान पूर्व यूडीएच मंत्री एवं विधायक श्रीचंद कृपलानी तथा नगर परिषद निम्बाहेड़ा की सभापति श्रीमती शिल्पा भूतड़ा की मुख्यमंत्री से मुलाकात हुई।

सभापति भूतड़ा ने विधायक श्रीचंद कृपलानी के मार्गदर्शन में मुख्यमंत्री से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान नगर परिषद निम्बाहेड़ा के माध्यम से शहर में नागरिक सुविधाओं के विस्तार सहित क्षेत्रीय विकास कार्यों को गति देने से जुड़े विषयों पर भी चर्चा हुई।

इसके पश्चात पूर्व यूडीएच मंत्री एवं विधायक श्रीचंद कृपलानी के साथ सभापति श्रीमती शिल्पा भूतड़ा ने प्रतापगढ़ स्थित दीपेश्वर महादेव मंदिर पहुंचकर भगवान शिव की विधिवत पूजा-अर्चना की। उन्होंने भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक एवं पूजन कर क्षेत्र की सुख-शांति, खुशहाली एवं समृद्धि की कामना की। इस दौरान मंदिर परिसर में श्रद्धा एवं आस्था का वातावरण बना रहा।

सभापति शिल्पा भूतड़ा ने कहा कि जनप्रतिनिधि के रूप में नगरवासियों की अपेक्षाओं के अनुरूप निम्बाहेड़ा के विकास को प्राथमिकता देते हुए कार्य किया जाएगा। शहर में मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने, स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराने तथा नागरिकों से जुड़े विकास कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे।

विधायक श्रीचंद कृपलानी ने भी नगर परिषद के नवनिर्वाचित बोर्ड के माध्यम से निम्बाहेड़ा के विकास को नई गति देने की बात कही। उन्होंने कहा कि नगर के सर्वांगीण विकास के लिए जनप्रतिनिधियों, प्रशासन एवं आमजन के समन्वय से कार्य किया जाएगा। उन्होंने क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना करते हुए विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाने पर जोर दिया।

इस अवसर पर प्रतापगढ़ भाजपा जिला अध्यक्ष महावीर सिंह कृष्णावत, झालावाड़ विधानसभा प्रभारी सागर सोनी, नगर परिषद निम्बाहेड़ा के उपसभापति निलेश मेहता, भाजपा नगर मंडल पूर्व महामंत्री वीरेश चपलोत, छोटीसादड़ी के पश्चिमी मंडल पूर्व अध्यक्ष रमेश गोपावत, भाजपा नगर कोषाध्यक्ष निलेश भूतड़ा आदि सहित निम्बाहेड़ा, छोटीसादड़ी क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता सहित अन्य गणमान्यजन मौजूद रहे।

Next Story