निंबाहेड़ा। भीषण गर्मी के दौर में मानवता की मिसाल पेश करते हुए निंबाहेड़ा में सेवा, संस्कार और सामाजिक सरोकार का अद्भुत संगम देखने को मिला। जैन जागृति सेंटर, निंबाहेड़ा द्वारा जेजेसी सेंट्रल बोर्ड चेरिटेबल ट्रस्ट, मुंबई के सहयोग से संचालित 'निःशुल्क छाछ वितरण सेवा प्रकल्प' के 43वें दिन गुरुवार को एक प्रेरणादायी पहल का साक्षी बना। इस दिन का सेवा कार्य बोड़ाना परिवार द्वारा सुश्री पार्श्वी (सुपुत्री आशीष बोड़ाना) के जन्मदिन के उपलक्ष्य में समर्पित किया गया।


इस सेवा प्रकल्प के तहत गुरुवार को कुल 500 लीटर शीतल छाछ का वितरण किया गया, जिससे भीषण गर्मी से जूझ रहे लगभग 2500 राहगीरों, श्रमिकों, किसानों और विद्यार्थियों ने राहत की सांस ली। जैन श्वेताम्बर सोशल ग्रुप, निंबाहेड़ा ने इस आयोजन में सक्रिय सहयोग प्रदान किया। बोड़ाना परिवार ने जन्मदिन को जनसेवा से जोड़कर समाज के समक्ष संवेदनशीलता का एक सशक्त उदाहरण प्रस्तुत किया। इस अवसर पर उपस्थित नागरिकों ने सराहना करते हुए कहा कि व्यक्तिगत खुशियों को जब सामाजिक सरोकारों से जोड़ा जाता है, तो उनका महत्व कई गुना बढ़ जाता है।

जेजेसी अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक अशोक नवलखा ने इस अवसर पर कहा कि जन्मदिन पर परंपराओं का निर्वहन करने के साथ ही किसी जरूरतमंद की प्यास बुझाना आत्मिक सुख प्रदान करता है। वितरित की जा रही प्रत्येक गिलास छाछ केवल गर्मी से राहत ही नहीं दे रही, बल्कि मानवता और सेवा का संदेश भी जन-जन तक पहुँचा रही है। कार्यक्रम में बोड़ाना परिवार के साथ ही जैन जागृति सेंटर के अनेक पदाधिकारियों और समाजसेवियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। सेवा कार्य के दौरान भोपाल सिंह बोड़ाना, सुरेश बोड़ाना, हर्षद बोड़ाना, मुकेश ढेलावत, पूरणमल प्रजापत, रत्नेश छाजेड़, अंकित वीरानी, नितेश सिंघवी, विनोद आंचलिया, विनीत रांका, सौरभ तोषनीवाल, डॉ. आशीष टांक, मोतीदान चारण, तरुण प्रजापत तथा निशांत गर्ग सहित कई गणमान्य व्यक्तियों ने सक्रिय योगदान दिया। जैन जागृति सेंटर परिवार ने सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए सुश्री पार्श्वी बोड़ाना को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story