निम्बाहेड़ा में दिनदहाड़े चोरी का खुलासा, 150 फिट गहरे कुएं से माल बरामद
कोतवाली पुलिस ने दो आरोपियों, एक नाबालिग और चोरी का माल खरीदने वाले सुनार को गिरफ्तार कर 150 फिट गहरे कुएं से आर्टिफिशियल ज्वेलरी बरामद की।

घटना का विवरण और रिपोर्ट
जिला पुलिस अधीक्षक चित्तोडगढ श्री मनीष त्रिपाठी ने बताया कि 13 फरवरी को प्रार्थी मनोहर सिंह पुत्र गंगासिंह मीणा उसकी पत्नि के साथ अपने कौशल्या नगर स्थित मकान से सुबह ऑफिस चले गये थे, घर पर कोई नहीं था। फरियादी का पुत्र भी ऑफिस आ गया था। शाम को 5.00 बजे प्रार्थी का पुत्र रिधान सिंह ऑफिस से मकान पर गया तो मकान का ताला टूटा हुआ पाया, जिस पर रिधान सिंह ने उसके पिता को बताया कि घर पर चोरी हो गई।
- चोरी गया सामान: प्रार्थी व उसकी पत्नी घर पहुंचे तो अलमारी में रखी सोने की चुड़ी (वजनी 04 तोला), कान की बाली (02 तोला) तथा बाहर रखा सामान स्पीकर, घड़ी तथा आर्टिफिशियल ज्वेलरी गायब थी।
- पुलिस कार्यवाही: प्रार्थी की रिपोर्ट पर प्रकरण पंजिबद्ध कर अनुसंधान कोतवाली निम्बाहेडा के एएसआई सूरज कुमार स.उ.नि. के जिम्मे किया गया।
पुलिस टीम और जांच प्रक्रिया
घटना को शीघ्र ट्रेस आउट करने के निर्देश प्रदान किये गए। एएसपी चित्तौड़गढ़ सरिता सिंह के निर्देशन व डीएसपी निम्बाहेड़ा बद्रीलाल राव के सुपरविजन में थानाधिकारी कोतवाली निम्बाहेडा रामसुमेर मीणा पु.नि. के निर्देश पर अनुसंधान अधिकारी सूरज कुमार स.उ.नि. के नेतृत्व में हैड कानिस्टेबल हरविन्द्र सिंह व कानिस्टेबल राकेश, रणजीत, विजय, सुमित कुमार द्वारा घटना स्थल के आसपास स्थित कालोनी में लगे सी.सी.टी.वी. कैमरों के फुटेज देखे गये।
आरोपियों की धरपकड़ और पहचान
सी.सी.टी.वी. फुटेज के आधार पर संदिग्ध व्यक्तियों की तलाश हेतु एक पुलिस टीम नीमकाथाना जिला सीकर भेजी गई। टीम द्वारा खटीक मोहल्ला नीमकाथाना से संदिग्धों को डिटेन कर पुछताछ की गई, जिसमें उन्होंने वारदात करना स्वीकार किया।
- राजु उर्फ कालू (20 वर्ष): पुत्र नन्दलाल बागरी (बड गुर्जर), निवासी लोहागल घाटी के पास थाना किशनगंज जिला अजमेर, हाल खटीक मोहल्ला नीमकाथाना।
- राहुल (19 वर्ष): पुत्र रामभरोसा बावरी, निवासी जोधड़ास बस्ती थाना प्रतापनगर जिला भीलवाड़ा, हाल खटीक मोहल्ला नीमकाथाना।
- सूयज राजपूत (35 वर्ष): पुत्र सुभाष राजपूत, निवासी नीमकाथाना छावनी, थाना कोतवाली नीमकाथाना (चोरी का माल खरीदने वाला सोनी)।
- विधि से संघर्षरत बालक: एक नाबालिग को भी मामले में डिटेन किया गया है।
"आरोपी राजु उर्फ कालु बागरी, राहुल बावरी तथा विधि से संघर्षरत बालक ने आर्टिफिशियल ज्वैलरी नकली होने से कुएं में फैकना बताया जिस पर आरोपियों की निशादेही से करीब 150 फिट गहरे कुएं के अन्दर से उक्त आर्टिफिशियल ज्वैलरी को बरामद कर जब्त की गई है।"
न्यायिक कार्यवाही और बरामदगी
पुलिस ने 150 फिट गहरे कुएं से चोरी का माल आर्टिफिशियल ज्वैलरी बरामद की है और शेष मशरूका माल बरामदगी के प्रयास जारी हैं। डिटेनशुदा नाबालिग को प्रिसिपल किशोर न्याय बोर्ड चित्तौडगढ़ के समक्ष पेश कर सम्प्रेषण गृह में दाखिल करवाया गया। मुख्य आरोपी राजु, राहुल और माल खरीदने वाले सूयज राजपूत का न्यायालय से पी.सी. रिमाण्ड प्राप्त कर अनुसंधान जारी है।
तरीका वारदात और अन्य खुलासे
आरोपीगण दिन के समय में भंगार इकट्ठा करने के दौरान कालोनीयों के अन्दर सूने मकानों की रैकी करते हैं और जिन मकानों के बाहर ताले लगे होते हैं, उनके ताले तोड़कर चोरी करते हैं। वारदात के दौरान इनके एक-दो साथी मकान के बाहर खड़े होकर निगरानी करते हैं और किसी के आने पर संकेत देकर मौके से रवाना हो जाते हैं।
आरोपियों ने जिला भीलवाड़ा, अजमेर, चित्तौडगढ़ सहित दिल्ली, गुड़गावं, उज्जैन, रतलाम और इन्दौर में 15 से अधिक वारदात करना स्वीकार किया है।
"आरोपियों ने विगत तीन माह के अंदर पुलिस थाना कोतवाली निंबाहेड़ा क्षेत्र में हुई चार चोरीयों की वारदात करना भी कबूल किया है।"

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
