निंबाहेड़ा। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के स्थानीय सेवा केंद्र पर संस्थान की द्वितीय मुख्य प्रशासिका, परम आदरणीय राजयोगिनी तपस्विनी दादी जानकी जी का छठा स्मृति दिवस पूर्ण श्रद्धा और गरिमा के साथ 'वैश्विक आध्यात्मिक जागृति दिवस' के रूप में मनाया गया। कार्यक्रम की मुख्य वक्ता बीके शिवली दीदी ने दादी जी के गौरवमयी जीवन पर प्रकाश डालते हुए उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए।

बीके शिवली दीदी ने सभा को संबोधित करते हुए बताया कि दादी जानकी जी ने बाल्यकाल से ही अपना संपूर्ण जीवन ईश्वरीय सेवाओं के प्रति समर्पित कर दिया था। एक संपन्न और भक्तिभाव वाले परिवार में जन्म लेने के बावजूद उन्होंने परमात्मा ज्ञान को सर्वोपरि रखा और विश्व कल्याण हेतु स्वयं को प्रकाश स्तंभ के रूप में स्थापित किया। उल्लेखनीय है कि दादी जी को विश्व की 'सबसे स्थिर मन वाली महिला' (मोस्ट स्टेबल माइंड इन द वर्ल्ड) का अंतरराष्ट्रीय सम्मान प्राप्त था और उन्होंने राजस्थान की स्वच्छता एंबेसडर के रूप में भी अपनी महती भूमिका निभाई।

दादी जी के वैश्विक योगदान की चर्चा करते हुए दीदी ने कहा कि उन्होंने न केवल भारत, बल्कि विश्व के 135 से भी अधिक देशों में भारतीय प्राचीन राजयोग और कर्मयोग का संदेश पहुँचाया। देव संस्कृति के नाम से विख्यात भारतीय संस्कृति का प्रचार-प्रसार करते हुए वे पवित्रता, सत्यता और दिव्यता की प्रतिमूर्ति बनी रहीं। लाखों भाई-बहनों के लिए एक कुशल मार्गदर्शिका के रूप में उनका जीवन सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा।

स्मृति दिवस के इस अवसर पर उपस्थित जनों ने दादी जी के समान 'गुण मूर्त', 'धारणा मूर्त' और 'स्नेह मूर्त' बनने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के दौरान कई भाई-बहनों ने दादी जी के जीवन चरित्र से जुड़े अपने अनुभव साझा किए। तत्पश्चात, दादी जी के चित्र पर कमल कृपलानी, शिवलाल बरडिया, राजेंद्र, अनिल, महेश, बंसीलाल, बाबूलाल, घनश्याम एवं अन्य सभी उपस्थित भाई-बहनों ने पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम के अंत में सभी को प्रसाद वितरण किया गया। यह आयोजन आध्यात्मिक चेतना के प्रसार और दादी जी के महान आदर्शों को आत्मसात करने के संकल्प के साथ संपन्न हुआ।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story