निम्बाहेड़ा। “सशक्त कार्यकर्ता–सशक्त संगठन, यही हमारे उज्ज्वल भविष्य की पहचान” के मूल मंत्र को ध्येय मानकर पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान 2026 के अंतर्गत निंबाहेड़ा क्षेत्र के चारों भाजपा मंडलों में आयोजित दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविरों का भव्य समापन हुआ। सुव्यवस्थित रीति से संपन्न हुए इन शिविरों में पार्टी पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं की अभूतपूर्व और उत्साहपूर्ण सहभागिता ने संगठन की एकजुटता का परिचय दिया। प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य कार्यकर्ताओं को वैचारिक रूप से परिपक्व बनाते हुए उन्हें संगठन की कार्यपद्धति, इतिहास, सिद्धांतों एवं आगामी कार्यक्रमों के प्रति अधिक सक्रिय और उत्तरदायी बनाना रहा। विभिन्न सत्रों के माध्यम से कार्यकर्ताओं में समर्पण, अनुशासन, सेवा भाव एवं सामाजिक दायित्वों के निर्वहन की भावना को प्रगाढ़ किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद सीपी जोशी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की विश्व के सबसे बड़े राजनीतिक संगठन के रूप में पहचान इसके समर्पित और विचारधारा के प्रति निष्ठावान कार्यकर्ताओं की नींव पर टिकी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि संगठन की वास्तविक मजबूती केवल चुनावी विजय मात्र नहीं, बल्कि निरंतर संवाद, नियमित प्रशिक्षण और सेवा कार्यों की निरंतरता से संभव है। जोशी ने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विशेषकर गरीब कल्याण, किसान हित, महिला सशक्तिकरण एवं युवा विकास को समाज के अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक पहुंचाएं। उन्होंने कार्यकर्ताओं को संगठन का वास्तविक चेहरा बताते हुए डिजिटल युग में सोशल मीडिया के माध्यम से विचारधारा को प्रभावी ढंग से प्रसारित करने पर बल दिया।

पूर्व यूडीएच मंत्री एवं विधायक श्रीचंद कृपलानी ने अपने उद्बोधन में निष्ठा, परिश्रम और अनुशासन को संगठन की सफलता का आधार बताया। उन्होंने प्रतिपादित किया कि ये शिविर मात्र सूचनाओं का आदान-प्रदान नहीं, अपितु कार्यकर्ताओं के व्यक्तित्व एवं नेतृत्व क्षमता के विकास का सशक्त मंच हैं। कृपलानी ने कहा कि एक प्रशिक्षित कार्यकर्ता ही संगठन की वह रीढ़ है जो हर परिस्थिति में उसे संबल प्रदान करती है। उन्होंने अपेक्षा की कि कार्यकर्ता पार्टी की रीति-नीति और संस्कारों को आत्मसात कर जनसेवा को सर्वोपरि रखें तथा समाज के हर वर्ग की समस्याओं के समाधान हेतु तत्पर रहें। उन्होंने अनुशासन, टीमवर्क और सकारात्मक सोच के साथ संगठन को नई ऊंचाइयों पर ले जाने का मंत्र दिया।

प्रशिक्षण के विभिन्न सत्रों में पूर्व विधायक अशोक नवलखा, चित्तौड़गढ़ जिलाध्यक्ष रतन गाडरी, पूर्व नगर अध्यक्ष नितिन चतुर्वेदी एवं भाजपा जिला प्रवक्ता मानवेंद्र सिंह चौहान ने संगठनात्मक संरचना और जनसेवा के विविध आयामों पर कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया। इन सत्रों की अध्यक्षता निवर्तमान जिला प्रमुख गब्बर सिंह अहीर, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष प्रहलाद सोनी, पूर्व जिला उपाध्यक्ष ललित शारदा, चंद्रमोहन गुप्ता, हरिशंकर अहीर, गोपाल जाट एवं डाडम चंद गायरी ने की। संपूर्ण प्रशिक्षण महाअभियान का सफल संचालन निंबाहेड़ा नगर महामंत्री कमलेश बनवार द्वारा किया गया। समापन अवसर पर भाजपा नगर अध्यक्ष कपिल चौधरी, पूर्वी मंडल अध्यक्ष अशोक जाट, पश्चिमी मंडल अध्यक्ष राजेंद्र सिंह शक्तावत एवं कनेरा मंडल अध्यक्ष जुगलकिशोर धाकड़ ने आगंतुकों का आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि यह अभियान भविष्य में संगठन को और अधिक सुदृढ़, ऊर्जावान और प्रभावशाली बनाने में मील का पत्थर साबित होगा।

Next Story