भारत सरकार के तत्वावधान में 10 से 25 अप्रैल 2026 तक आयोजित किए जा रहे “नारी शक्ति वंदन पखवाड़ा” के अंतर्गत बुधवार को निंबाहेड़ा स्थित भारतीय जनता पार्टी कार्यालय में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। महिलाओं को सामाजिक, राजनीतिक एवं आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने तथा निर्णय लेने की प्रक्रिया में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के ध्येय से आयोजित इस कार्यक्रम ने महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक नई ऊर्जा का संचार किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व विधायक अनीता गुर्जर की गरिमामयी उपस्थिति रही, जबकि नारी शक्ति वंदन कार्यक्रम की जिला सह संयोजक एवं महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष वीणा दशोरा, सोनिका जैन एवं कुसुम पंवार भी विशिष्ट अतिथि के रूप में मंच पर मौजूद रहीं।

बैठक का औपचारिक शुभारंभ भाजपा महिला मोर्चा नगर अध्यक्ष आरती शर्मा के स्वागत उद्बोधन से हुआ, जिन्होंने आए हुए अतिथियों का उपरना ओढ़ाकर एवं गुलदस्ता भेंट कर आत्मीय अभिनंदन किया। इस सांगठनिक समागम में महिला मोर्चा की जिला मंत्री सुधा सोनी, नगर महिला मोर्चा महामंत्री रेखा प्रजापत, लक्ष्मी कोठारी, उपाध्यक्ष रेखा वसीटा, रागिनी आमेटा, सीता मोरवाल, रानू बजाज, सरोज, अरुणा राठौर, कल्पना वैष्णव, रेखा रानी तिवारी, हंसा पटेल, इंदु चौधरी, रिंकी लड्ढा, नीलू माली, प्रमिला त्रिपाठी, नारायण कुंवर, माधुरी अग्रवाल, कृष्णा पंचोली एवं राजकुमारी कुमावत सहित बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ताओं ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। कार्यक्रम का कुशल संचालन भाजपा महिला मोर्चा जिला उपाध्यक्ष वर्षा कृपलानी द्वारा किया गया। यह बैठक पूर्व यूडीएच मंत्री एवं विधायक श्रीचंद कृपलानी, पूर्व विधायक अशोक नवलखा, पूर्व भाजपा नगर अध्यक्ष नितिन चतुर्वेदी, भाजपा नगर अध्यक्ष कपिल चौधरी तथा पूर्वी मंडल अध्यक्ष अशोक जाट की विशेष उपस्थिति में संपन्न हुई।

मुख्य अतिथि अनीता गुर्जर ने अपने संबोधन में "नारी शक्ति वंदन अधिनियम" को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि यह कानून लोकसभा एवं विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण प्रदान कर उनके राजनीतिक सशक्तिकरण का मार्ग प्रशस्त करेगा। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दूरदर्शिता की सराहना करते हुए कहा कि इस विधेयक को शीघ्र लागू करने के विशेष प्रयासों के लिए आज संपूर्ण देश में आभार कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में जिला अध्यक्ष वीणा दशोरा ने महिलाओं से शिक्षा और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का आह्वान किया, जबकि विधायक श्रीचंद कृपलानी ने इस अधिनियम को समावेशी विकास की दिशा में मील का पत्थर करार दिया। बैठक के समापन पर उपस्थित महिला शक्ति ने सामूहिक रूप से मानव श्रृंखला बनाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति अपना आभार व्यक्त किया, जो नारी शक्ति के अटूट संकल्प का प्रतीक बना।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story