निम्बाहेड़ा में आयोजित 'भजन जैमिंग नाइट' में उमड़ा जनसैलाब, विधायक ने किया शुभारंभ
श्री सेवा युवा संस्थान द्वारा आयोजित कार्यक्रम में ख्यातनाम कलाकारों ने दी प्रस्तुति, आधुनिक संगीत और भक्ति का अनूठा संगम देखने को मिला।

निम्बाहेड़ा के सेलिब्रेशन ग्रीन में आयोजित भजन जैमिंग नाइट के दौरान भगवान गणेश की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन के अवसर पर विधायक श्रीचंद कृपलानी, कलेक्टर डॉ. मंजू और अन्य गणमान्य अतिथि।
श्री सेवा संस्थान के अध्यक्ष एवं विधायक श्रीचंद कृपलानी की प्रेरणा से श्री सेवा युवा संस्थान द्वारा नगर में पहली बार आयोजित भव्य ‘भजन जैमिंग नाइट’ भक्ति, संगीत, आध्यात्मिकता और सांस्कृतिक उल्लास का विराट उत्सव बन गई। आर.के. कॉलोनी स्थित सेलिब्रेशन ग्रीन में आयोजित इस अनूठे आयोजन में हजारों की संख्या में श्रद्धालु, युवा, महिलाएं और वरिष्ठजन उपस्थित रहे। देर रात तक भक्ति रस की धारा प्रवाहित होती रही और पूरा परिसर भगवान श्रीराम एवं श्रीकृष्ण के जयघोषों से गूंजता रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला कलेक्टर डॉ. मंजू एवं श्री सेवा संस्थान अध्यक्ष व विधायक श्रीचंद कृपलानी द्वारा भगवान श्री गणेश की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। शुभारंभ के साथ ही वातावरण पूर्णतः भक्तिमय हो गया। इस अवसर पर पूर्व विधायक अशोक नवलखा, भाजपा जिला अध्यक्ष रतनलाल गाडरी, भोपाल सागर पंचायत समिति के निवर्तमान प्रधान हेमेन्द्र सिंह राणावत, अतिरिक्त जिला कलेक्टर रामचन्द्र, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी विनय पाठक, भाजपा नगर अध्यक्ष कपिल चौधरी, पूर्वी मंडल अध्यक्ष अशोक जाट, पश्चिम मंडल अध्यक्ष राजेन्द्र सिंह शक्तावत, पूर्व नगर महामंत्री विरेश चपलोत, भाजपा जिला व्यापार प्रकोष्ठ सह संयोजक गजेन्द्र नवलखा, उपखण्ड अधिकारी विकास पंचौली, पुलिस उप अधीक्षक बद्रीलाल राव, तहसीलदार घनश्याम जरवार सहित बड़ी संख्या में प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान श्री सेवा युवा संस्थान के युवाओं द्वारा अतिथियों का उपरना ओढ़ाकर आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। आयोजन स्थल को आकर्षक विद्युत सज्जा, रंग-बिरंगी रोशनी, पुष्प सजावट एवं धार्मिक झांकियों से विशेष रूप से सजाया गया, जिसने पूरे वातावरण को भव्यता प्रदान की। व्यवस्थाओं में युवाओं की सक्रिय भूमिका विशेष आकर्षण का केंद्र रही।
कार्यक्रम में देश के ख्यातनाम ‘भजन बिट्स’ कलाकारों ने लगातार दो घंटे से अधिक समय तक ऊर्जावान एवं भक्तिमय प्रस्तुतियां देकर उपस्थित हजारों श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। पारंपरिक भजनों को आधुनिक संगीत शैली एवं जैमिंग बीट्स के साथ प्रस्तुत किए जाने से युवाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। ‘राम आएंगे तो अंगना सजाऊंगी’, ‘राधे-राधे श्याम मिलादे’, ‘हरे कृष्णा हरे रामा’, ‘भारत का बच्चा-बच्चा जय श्रीराम बोलेगा’, ‘म्हारा श्रीनाथ जी खम्मा रे खम्मा’ तथा ‘श्री राम जानकी बैठे हैं मेरे सीने में’ जैसे भजनों पर श्रद्धालु देर रात तक झूमते और नृत्य करते रहे।
अंतिम चरण में ‘वन्दे मातरम्’ एवं राष्ट्रभक्ति गीतों की प्रस्तुतियों ने वातावरण को राष्ट्रप्रेम से सराबोर कर दिया। उपस्थित हजारों लोगों ने एक स्वर में राष्ट्रगान एवं जयघोष के साथ भारत माता के प्रति श्रद्धा व्यक्त की।
नगरवासियों ने इस पहली ‘भजन जैमिंग नाइट’ की भव्यता, अनुशासित व्यवस्थाओं और सांस्कृतिक वातावरण की मुक्तकंठ से सराहना की। श्रद्धालुओं ने इसे निम्बाहेड़ा के सांस्कृतिक एवं धार्मिक इतिहास का ऐतिहासिक आयोजन बताया।
यह आयोजन इस संदेश के साथ संपन्न हुआ कि आधुनिक संगीत शैली के माध्यम से युवाओं को भारतीय संस्कृति, भक्ति एवं आध्यात्मिक मूल्यों से प्रभावी रूप से जोड़ा जा सकता है। श्री सेवा युवा संस्थान के इस प्रयास को सामाजिक एवं धार्मिक क्षेत्र में एक नई पहल के रूप में देखा जा रहा है, जिसमें युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
