निम्बाहेड़ा बार काउंसिल चुनाव में 90.19% मतदान, महिला अधिवक्ताओं ने दिखाया उत्साह
मतदान केंद्र संख्या 88 पर 204 में से 184 अधिवक्ताओं ने डाले वोट, एसडीएम और एसीजेएम की देखरेख में मत पेटियां हुईं सील।

निम्बाहेड़ा बार संघ परिसर में मतदान केंद्र संख्या 88 पर वोट डालने के बाद बाहर निकलते वरिष्ठ अधिवक्ता और चुनाव प्रक्रिया के दौरान मत पेटी को सील करते अधिकारी।
निंबाहेड़ा में बुधवार को आयोजित बार काउंसिल ऑफ राजस्थान चुनाव के तहत मतदान केंद्र संख्या 88 पर लोकतंत्र का उत्सव पूरे जोश और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। यहां कुल 90.19 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया, जिसमें महिला अधिवक्ताओं की उल्लेखनीय भागीदारी रही और 83.33 प्रतिशत महिला मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
मतदान प्रक्रिया स्थानीय बार संघ निम्बाहेड़ा परिसर में शांतिपूर्ण माहौल में सम्पन्न हुई। पॉलिंग ऑफिसर रणवीर सिंह शक्तावत के अनुसार, यह पूरी प्रक्रिया मतदान केंद्र के ऑब्जर्वर विकास पंचोली (एसडीएम) एवं अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट संख्या 02 पलाश मीणा की देखरेख में विधि अनुसार संपन्न कराई गई। कुल 204 मतदाताओं में से 184 अधिवक्ताओं ने मतदान किया।
मतदान केंद्र पर अतिरिक्त पोलिंग ऑफिसर फहीम खान बक्षी, अनिल आमेटा (रीडर, एसीजेएम कोर्ट), राजाराम मीणा (कनिष्ठ सहायक, उपखंड कार्यालय निम्बाहेड़ा), ईश्वरलाल धाकड़ (पोलिंग एजेंट), भैरूलाल नलवाया, महेश टेलर तथा पुलिस जाप्ता तैनात रहा। बार संघ अध्यक्ष रणजीत सिंह राणावत ने भी पूरी प्रक्रिया में आवश्यक सहयोग प्रदान किया।
मतदान सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक जारी रहा, जिसमें अधिवक्ताओं ने उत्साहपूर्वक अपने प्रतिनिधियों के चयन में भागीदारी निभाई। 25 सदस्यीय कार्यकारिणी के लिए कुल 234 उम्मीदवार मैदान में थे, जिससे मुकाबला रोचक बना रहा और दिनभर स्थानीय अधिवक्ताओं की नजर चुनाव प्रक्रिया पर टिकी रही।
मतदान समाप्ति के पश्चात मत पेटी को मतदान सामग्री एवं आवश्यक दस्तावेजों सहित उपखंड अधिकारी एवं एसीजेएम-2 निम्बाहेड़ा की उपस्थिति में बार काउंसिल ऑफ राजस्थान के दिशा-निर्देशों के अनुसार सुरक्षित रखा गया। ज्यूडिशियल कोर्ट परिसर के एक कक्ष में सामग्री को विधिवत सील कर कोर्ट मालखाना प्रभारी को सुरक्षा की जिम्मेदारी सौंपी गई।
हाईकोर्ट के निर्देशानुसार निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए थे। मतदान समाप्ति के बाद अधिवक्ता गण में उत्साह और संतोष का माहौल रहा तथा सभी ने मतदान केंद्र पर तैनात टीम का आभार व्यक्त किया। बुजुर्ग और बीमार अधिवक्ताओं की सक्रिय भागीदारी तथा मतदान के बाद मत पेटी को सील करने की प्रक्रिया इस चुनाव की गंभीरता और पारदर्शिता को दर्शाती है।
आठ वर्ष बाद आयोजित इस चुनाव में अधिवक्ताओं की व्यापक भागीदारी ने कानूनी समुदाय में लोकतांत्रिक जागरूकता और सक्रियता का स्पष्ट संदेश दिया।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
