निम्बाहेड़ा: प्रीति कुमावत आर्य वीरांगना दल की जिला संचालिका नियुक्त
राज्य संचालिका सरोज आर्या ने नई नियुक्तियां कीं; 23 मार्च से आर्य समाज भवन में बालिकाओं और महिलाओं के लिए सात दिवसीय आत्म-रक्षा एवं संस्कार शिविर का आयोजन होगा।

निम्बाहेड़ा। आर्य वीरांगना दल की राज्य संचालिका श्रीमती सरोज आर्या ने सेवा कार्य एवं संगठनात्मक योगदान को देखते हुए प्रीति कुमावत को जिला संचालिका तथा लक्षिता माहेश्वरी को नगर संचालिका पद पर नियुक्त किया है। यह जानकारी शिविर मीडिया प्रभारी श्रीमती मंजू धाकड़ ने दी।
सर्वांगीण विकास हेतु सात दिवसीय गैर-आवासीय प्रशिक्षण शिविर
नवनियुक्त जिला संचालिका श्रीमती प्रीति कुमावत ने बताया कि "बालिकाओं एवं महिलाओं के सर्वांगीण विकास हेतु योग, यज्ञ, आध्यात्म, आत्म-रक्षा (जूडो-कराटे, नियुद्ध, लाठी आदि) तथा सोलह संस्कारों से युक्त सात दिवसीय गैर-आवासीय प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया जा रहा है।" इसमें 10–12 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाएँ, महाविद्यालयीन छात्राएँ तथा गृहणी महिलाएँ भाग ले सकेंगी। शिविर पूर्णत: गैर-आवासीय है तथा प्रतिदिन निर्धारित समय के उपरांत सभी प्रतिभागियों को घर जाने की अनुमति रहेगी।
शिविर का समय एवं उद्घाटन कार्यक्रम
शिविर का उद्घाटन समारोह 23 मार्च, सायं 4:00 बजे आर्य समाज भवन, शांति नगर (बस स्टैंड के पीछे) में होगा। शिविर 23 से 29 मार्च तक प्रतिदिन प्रातः 6:00 से 9:00 बजे एवं सायं 4:00 से 7:00 बजे आयोजित होगा।
प्रशिक्षण एवं पंजीकरण की जानकारी
प्रशिक्षण व्यायाम शिक्षिका नविता आर्य (जोधपुर) द्वारा आत्म-रक्षा तथा सरला गुप्ता (उदयपुर) द्वारा हवन, सोलह संस्कार एवं आध्यात्मिक सत्रों के रूप में दिया जाएगा। पंजीयन हेतु आर्य वीरांगना दल एवं महिला आर्य समाज, निम्बाहेड़ा की स्थानीय इकाई से संपर्क किया जा सकता है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
