निम्बाहेड़ा: आर्य समाज भवन में सात दिवसीय सनातन संस्कृति समर कैंप शुरू
शांति नगर में आयोजित सात दिवसीय गैर-आवासीय शिविर में विदुषी सरला गुप्ता द्वारा आध्यात्मिक प्रशिक्षण और नविता आर्या द्वारा आत्म-रक्षा के गुर सिखाए जा रहे हैं।

निम्बाहेड़ा के शांति नगर स्थित आर्य समाज भवन में सोमवार को 'एक कदम सनातन संस्कृति की ओर' सात दिवसीय समर कैंप के उद्घाटन समारोह में उपस्थित विदुषी सरला गुप्ता, अन्य अतिथि और मातृशक्ति।
निम्बाहेड़ा। निम्बाहेड़ा नगर के शांति नगर स्थित स्थानीय आर्य समाज भवन में आर्य वीरांगना दल एवं महिला आर्य समाज के संयुक्त तत्वावधान में सात दिवसीय गैर-आवासीय शिविर समर कैंप का शुभारंभ हुआ। ‘एक कदम सनातन संस्कृति की ओर’ ध्येय वाक्य के साथ आयोजित यह शिविर 23 मार्च से 29 मार्च तक संचालित किया जाएगा।
आध्यात्मिक और शारीरिक कौशल का संगम
आर्य समाज की महिला प्रधान शिखा शारदा ने बताया कि शिविर का समय प्रतिदिन प्रातः 6:00 से 9:00 बजे एवं सायंकाल 4:00 से 7:00 बजे तक निर्धारित किया गया है। वर्तमान में शिविर में 50 से अधिक विद्यार्थियों ने अपना पंजीयन कराया है। कैंप के दौरान जोधपुर से आईं व्यायाम शिक्षिका नविता आर्या द्वारा आत्म-रक्षा के गुर सिखाए जा रहे हैं, जिसमें मुख्य रूप से जूडो-कराटे, लाठी संचालन, नियुद्धम, लेजिम और डंबल्स का अभ्यास करवाया जा रहा है।
अभूतपूर्व व्यक्तित्व का मार्गदर्शन
शिविर में हवन एवं आध्यात्मिक प्रशिक्षण उदयपुर की विदुषी सरला गुप्ता द्वारा दिया जा रहा है। गौरतलब है कि सरला गुप्ता देश की एकमात्र ऐसी महिला पंडिता हैं, जो विवाह संस्कार के साथ-साथ श्मशान भूमि में जाकर सैकड़ों अंतिम संस्कार भी संपन्न करा चुकी हैं। उन्होंने यह सेवा प्रकल्प कोरोना महामारी के उस दौर में शुरू किया था, जब लोग अपनों को स्पर्श करने से भी डर रहे थे।
उद्घाटन समारोह एवं गणमान्य उपस्थिति
आर्य वीरांगना दल की नगर संचालिका लक्षिता महेश्वरी ने जानकारी दी कि सोमवार को आयोजित उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में सरला गुप्ता (उदयपुर), सरस्वती शर्मा, प्रेमलता (चित्तौड़गढ़), शकुंतला तोतला, रेखा रानी तिवारी, ममता भारडिया, श्यामा सोलंकी, मंजू शारदा, पुष्पा शर्मा, शकुंतला आगार, सोनाली शारदा, श्रद्धा तोतला, कंचन पाटीदार, मंजू धाकड़, सरोज धूत, ललिता साहू, प्रेमलता शर्मा, इंदु चौधरी और मीनाक्षी सोनी सहित अनेक गणमान्य सदस्य एवं मातृशक्ति उपस्थित थी।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
