निम्बाहेड़ा के ऐतिहासिक श्री अम्बिका माता रंगमंच पर अम्बामाता मेला कमेटी, हेल्प सोसायटी एवं नगर परिषद के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित भव्य गरबा प्रतियोगिता ने श्रद्धा और उत्साह के नए प्रतिमान स्थापित किए। हेल्प सोसायटी की अनूठी पहल पर आयोजित इस प्रथम भव्य आयोजन में नगर की महिलाओं और बालिकाओं का भारी जनसैलाब उमड़ पड़ा, जहां प्रतिभागियों ने अपने पारंपरिक नृत्य कौशल से उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया। कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ मुख्य अतिथि अम्बा माता सेवा समिति के अध्यक्ष चैन सिंह चौहान, मेला कमेटी अध्यक्ष अजीत पुरोहित एवं हेल्प सोसायटी की अध्यक्ष एकता सोनी ने दीप प्रज्वलन कर किया। सांस्कृतिक संध्या का आरंभ नव्या कोचेटा और गौरी द्वारा प्रस्तुत की गई भावपूर्ण गणेश वंदना से हुआ, जिसने संपूर्ण वातावरण को भक्तिमय कर दिया।

प्रतियोगिता के दौरान योगा इन्फिनिटी की अनुषा कुमावत ग्रुप और लक्षिता माहेश्वरी ग्रुप की सदस्यों ने अपनी ऊर्जावान प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। निर्णायक मंडल की भूमिका में प्रिन्सी जेतावत एवं हिमानी आहूजा ने सूक्ष्मता से प्रदर्शन का आकलन किया। गरबा डांस ग्रुप श्रेणी में कड़े मुकाबले के बीच आस्था जैन एवं ग्रुप ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि सविता एवं ग्रुप ने द्वितीय और कुमकुम एवं ग्रुप ने तृतीय स्थान पर कब्जा जमाया। बालिका वर्ग की व्यक्तिगत श्रेणी में आराध्या सोनी ने प्रथम, हेजल सोलंकी ने द्वितीय और पूजा माली ने तृतीय स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। कार्यक्रम का कुशल और सुंदर संचालन अंजलि शर्मा द्वारा किया गया, जिन्होंने पूरे समय दर्शकों के उत्साह को बनाए रखा।

समारोह के समापन पर अतिथियों द्वारा सभी विजेताओं को उपरना ओढ़ाकर और आकर्षक उपहार भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर अम्बा माता समिति के कैलाश भारद्वाज, महावीर सेन, हिम्मत सिंह पवार, मुकेश सिंगवी, कुंदन राजोतिया, शंभु सिंह पवार, नंद लाल चोर्डिया सहित हेल्प सोसायटी की मीनू छाजेड, निहारिका राजोरा, ममता काला, सीमा पारख, आशा राठौड़, संगीता बंसल, दुर्गा कुमावत, चंदा जैन, भावना जैन, लक्ष्मी मंशानी, पिंकी शर्मा, अल्का जैन, रितिका कीमती एवं बड़ी संख्या में महिला सदस्य और मेलार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन मां अम्बिका की भव्य आरती के साथ हुआ, जिसने इस आयोजन को आध्यात्मिक पूर्णता प्रदान की।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story