निम्बाहेड़ा में भाजपा ने तेज किया चुनावी अभियान, विधायक श्रीचंद कृपलानी ने तीन गांवों में खोले चुनाव कार्यालय
विधायक श्रीचंद कृपलानी के आतिथ्य में लसडावन, अरनिया जोशी और बाड़ी में चुनाव कार्यालयों का शुभारंभ हुआ, ग्रामीण क्षेत्रों में जनसंपर्क तेज।

विधायक श्रीचंद कृपलानी और भाजपा नेता निम्बाहेड़ा में चुनावी सभा के दौरान कार्यकर्ताओं का अभिवादन स्वीकार करते हुए।
निम्बाहेड़ा में पंचायती राज चुनाव 2026 के चतुर्थ चरण को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने ग्रामीण क्षेत्रों में चुनावी गतिविधियां तेज कर दी हैं। पंचायत समिति निम्बाहेड़ा एवं जिला परिषद सदस्य चुनाव के लिए भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में गांव-गांव जनसंपर्क और चुनावी बैठकों का दौर जारी है। इसी क्रम में विधायक एवं पूर्व स्वायत्त शासन मंत्री श्रीचंद कृपलानी के मुख्य आतिथ्य में धनतेरस के पावन अवसर पर लसडावन, अरनिया जोशी और बाड़ी ग्राम पंचायत मुख्यालयों पर भाजपा प्रत्याशियों के चुनाव कार्यालयों का विधिवत शुभारंभ किया गया। तीनों स्थानों पर आयोजित कार्यक्रमों में भाजपा पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही। ग्रामीणों एवं कार्यकर्ताओं ने अतिथियों का स्वागत-अभिनंदन किया।
चुनाव कार्यालयों के शुभारंभ अवसर पर विधायक श्रीचंद कृपलानी ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि पंचायती राज चुनाव ग्रामीण क्षेत्रों के विकास और आमजन की आकांक्षाओं की पूर्ति की दृष्टि से महत्वपूर्ण हैं। गांवों का सर्वांगीण विकास, मूलभूत सुविधाओं का विस्तार तथा सड़क, पेयजल, बिजली, स्वच्छता, शिक्षा सहित अन्य जनसुविधाओं को सुदृढ़ करना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी केवल चुनाव जीतने तक सीमित नहीं होती, बल्कि जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं का समाधान करना और विकास कार्यों को धरातल पर उतारना भी आवश्यक है।
कृपलानी ने कहा कि क्षेत्र में विकास की निरंतरता बनाए रखने और ग्रामीण अंचलों में जनहित के कार्यों को नई गति देने के लिए सभी कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय, संगठनात्मक एकता और पूरी सक्रियता के साथ प्रत्येक गांव एवं ढाणी तक पहुंचने का आह्वान किया। साथ ही आमजन से सीधा संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं और अपेक्षाओं को समझने पर जोर दिया। उन्होंने ग्रामीणों से क्षेत्र के विकास और जनहित के मुद्दों को ध्यान में रखते हुए भाजपा प्रत्याशियों को समर्थन देने की अपील भी की।
उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की ताकत है और कार्यकर्ताओं के परिश्रम एवं समर्पण से ही जनसेवा के संकल्प को आगे बढ़ाया जा सकता है। चुनाव के इस महत्वपूर्ण अवसर पर सभी कार्यकर्ता पूरी जिम्मेदारी के साथ मैदान में उतरें और ग्रामीणों के बीच पहुंचकर पार्टी की नीतियों, विकास कार्यों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दें।
कार्यक्रमों में पूर्व विधायक अशोक नवलखा, पूर्व जिला प्रमुख गब्बर सिंह अहीर, पूर्व प्रधान बगदीराम धाकड़ और एससी मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष शैलेंद्र चौहान सहित भाजपा के कई पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
लसडावन ग्राम पंचायत मुख्यालय पर जिला परिषद सदस्य प्रत्याशी रमेश बोरीवाल और पंचायत समिति सदस्य प्रत्याशी भेरूलाल बेरवा, रामपाल मेघवाल, रामलाल जाट एवं हीरालाल डांगी उपस्थित रहे। इनके साथ पूर्व सरपंच कमलेश चावत, किशन सिंह, मन्नालाल धाकड़, अरविंद जाट, मेघराज जाट, पूर्व मंडल महामंत्री राजेश जैन और उदयलाल माली भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
अरनिया जोशी में जिला परिषद सदस्य प्रत्याशी श्रीमती निशा धाकड़ एवं वार्ड पंच प्रत्याशी श्रीमती पारस कंवर मौजूद रहीं। इस अवसर पर पूर्वी मंडल अध्यक्ष अशोक जाट, भाजपा जिला उपाध्यक्ष ऊंकार लाल धाकड़, प्रवक्ता मानवेंद्र सिंह चौहान, पूर्व मंडल ओंकारलाल धाकड़, नारायण सिंह, भाजपा किसान मोर्चा मंडल महामंत्री मधुसूदन पालीवाल, मंडल कोषाध्यक्ष महेश चारण, मंडल मंत्री नगेंद्रपाल जीनगर और रजनीश गोठवाल सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
बाड़ी ग्राम पंचायत मुख्यालय पर जिला परिषद सदस्य प्रत्याशी शिवनारायण धाकड़ तथा पंचायत समिति सदस्य प्रत्याशियों कालूलाल मीणा, श्रीमती राधाबाई/कैलाश जाट एवं श्रीमती मोहिनी बाई/वजेराम गायरी के साथ अम्बालाल मीणा मौजूद रहे। यहां जिला परिषद वार्ड प्रभारी एवं नगर अध्यक्ष कपिल चौधरी, उप सभापति निलेश मेहता, पूर्व सरपंच बलवंत सिंह चपलोत, पूर्व पंचायत समिति सदस्य कैलाश जाट, पूर्व शांतिदास बैरागी, नाथूलाल कुमावत, भाजपा नगर महामंत्री देवकरण समदानी, कमलेश बनवार और युवा मोर्चा नगर महामंत्री डॉ. आशीष टांक सहित भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और ग्रामीणजन शामिल हुए।
तीनों ग्राम पंचायतों में आयोजित कार्यक्रमों के दौरान कार्यकर्ताओं ने अतिथियों का स्वागत किया और भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में चुनाव प्रचार को गति देने के लिए संगठनात्मक एकजुटता प्रदर्शित की। उपस्थित पदाधिकारियों ने चुनाव प्रचार के दौरान आपसी समन्वय बनाए रखने, घर-घर संपर्क करने और अधिक से अधिक ग्रामीणों को लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भागीदारी के लिए प्रेरित करने पर जोर दिया। चुनाव कार्यालयों के शुभारंभ के साथ ही निम्बाहेड़ा के ग्रामीण क्षेत्रों में भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में जनसंपर्क अभियान को संगठित रूप से आगे बढ़ाने पर जोर दिया गया।

