पर्यूषण पर्व के पहले दिन निकुंभ में निश्चल मुनि ने बताया आत्मकल्याण और मुक्ति का मार्ग
निकुंभ में 48 दिनों से जारी प्रवचन श्रृंखला के दौरान पर्यूषण पर्व के पहले दिन निश्चल मुनि ने ईश्वर भक्ति, आत्मकल्याण और मुक्ति का मार्ग बताया। उन्होंने मानव धर्म, भाईचारे, करुणा और पांच विकारों के त्याग पर जोर दिया।

तस्वीर में निकुंभ कस्बे के समता भवन के द्वार पर खड़े कुछ लोग नजर आ रहे हैं।
निकुंभ कस्बे में विगत 48 दिनों से लगातार चल रही प्रवचन श्रृंखला में पर्यूषण पर्व के पहले दिवस शासन दीपक निश्चल मुनि ने मानव जीवन में ईश्वर भक्ति, आत्मकल्याण और मुक्ति के मार्ग पर विचार रखे। उन्होंने कहा कि भगवान महावीर, राम और कृष्ण रूपी दर्पण में अपनी छवि देखने वाला मानव निश्चित रूप से ईश्वर भक्ति और मुक्ति का मार्ग प्राप्त कर सकता है।
साधुमार्गी जैन संघ के अध्यक्ष महावीर कुमार मेहता ने बताया कि आसपास के गांवों से आए कई श्रद्धालु श्रावकों की उपस्थिति में मुनिश्री ने कहा कि जीवन में जो संशय ज्ञान को उत्पन्न करता है, वही आत्मा का कल्याण भी करता है। जीवन की विकट परिस्थितियों में सदैव सद्गुरु ही समाधान देता है।
निश्चल मुनि ने कहा कि जिन्होंने मानव जन्म लेकर अभी तक भी भगवान की वाणी पर विश्वास नहीं किया, उनका कल्याण संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि मानव धर्म जिंदा रहा तो हम सब जिंदा रहेंगे। मानव मात्र में आपसी भाईचारा और निश्छल प्रेम ही हमें ईश्वर के दर्शन करवा सकता है।
उन्होंने कहा कि ईश्वर हमेशा धन, दौलत, ताकत और ऐश्वर्य से दूर रहकर सादगी, श्रद्धा, विश्वास और करुणा में निवास करता है। जीव मात्र के प्रति दया के भाव रखकर व्यक्ति का व्यक्तित्व महान बन सकता है।
मुनिश्री ने पर्यूषण पर्व के अर्थ को स्पष्ट करते हुए कहा कि इसका आशय मानव जीवन में चारों ओर व्याप्त काम, क्रोध, मद, लोभ और मोह को त्याग कर अपनी आत्मा को पहचानते हुए आत्म भाव को ईश्वर के प्रति समर्पित करना है।
कार्यक्रम के अंत में अतिथियों का आभार समता युवा संघ के अध्यक्ष मनोज कुमार सहलोत ने जताया। पर्यूषण पर्व से संबंधित अतिथि सत्कार, प्रभावना, तप, भक्ति और आराधना से संबंधित जानकारी मंत्री सुरेश कुमार सहलोत ने दी।

Pradeep Vaishnav, Chittorgarh
नाम: प्रदीप वैष्णव
वर्तमान पद: रिपोर्टर
कार्यक्षेत्र: बड़ी सादड़ी तहसील
अनुभव: 26 साल (सन 2000 से 'प्रातःकाल' के साथ कार्यरत)
परिचय
प्रदीप वैष्णव बड़ी सादड़ी तहसील क्षेत्र के एक अनुभवी पत्रकार हैं। वह स्थानीय समाचारों, सामाजिक गतिविधियों, शिक्षा और क्राइम रिपोर्टिंग के क्षेत्रों में मुख्य रूप से सक्रिय हैं। वह सामाजिक, शैक्षणिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़े विषयों में विशेष रुचि रखते हैं। तथ्यात्मक और सरल रिपोर्टिंग को प्राथमिकता देना तथा जनहित से संबंधित विषयों को निष्पक्ष रूप से प्रस्तुत करना उनकी कार्यशैली का हिस्सा है।
बीट और विशेषज्ञता
- स्थानीय समाचार: बड़ी सादड़ी तहसील और आसपास के क्षेत्रों से जुड़े स्थानीय व सामाजिक मुद्दों की रिपोर्टिंग।
- क्राइम: क्षेत्र की कानून-व्यवस्था, पुलिस कार्रवाई और अपराध से जुड़े मामलों की कवरेज।
- शिक्षा: शैक्षणिक गतिविधियां, विद्यार्थियों से जुड़े विषय और शिक्षा संबंधी समाचार।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
B.A. जर्नलिज्म (पत्रकारिता में स्नातक)
