बेगूं। शिवाजी सेकेंडरी स्कूल, बेगूं में मंगलवार को नीट-2026 में चयनित विद्यालय के विद्यार्थियों के स्वागत एवं सम्मान के लिए समारोह आयोजित किया गया। चयनित पांच विद्यार्थियों में से उपस्थित चार विद्यार्थियों—साक्षी धाकड़, मयंक शर्मा, पीयूष धाकड़ और नीतू धाकड़—का विद्यालय परिवार ने अभिनंदन किया। इस अवसर पर उनके माता-पिता का भी सम्मान किया गया।

समारोह के दौरान चयनित विद्यार्थियों ने अपनी सफलता के अनुभव साझा करते हुए जूनियर छात्रों का मार्गदर्शन किया। साक्षी धाकड़ ने नीट परीक्षा में सफलता के लिए फिजिक्स विषय में मजबूत पकड़ बनाने पर जोर दिया। नीतू धाकड़ ने स्मार्टफोन और सोशल मीडिया से दूरी बनाकर पढ़ाई पर पूरा ध्यान केंद्रित करने की सलाह दी। पीयूष धाकड़ ने अपनी कमियों की पहचान कर उन्हें लगातार दूर करने का संदेश दिया, जबकि मयंक शर्मा ने निरंतर रिवीजन को सफलता की सबसे बड़ी कुंजी बताया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय में सात दिवसीय ताइक्वांडो प्रशिक्षण देने वाली, वर्तमान में अमेरिका में कक्षा 11 में अध्ययनरत बेगूं की बेटी हीया टेलर तथा उनके पिता, सैन फ्रांसिस्को निवासी और अमेरिका के प्रसिद्ध एआई विशेषज्ञ जय टेलर का भी विद्यालय परिवार द्वारा स्वागत एवं सम्मान किया गया।

समारोह में विद्यार्थियों को मेहनत, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया। विद्यालय परिवार ने चयनित विद्यार्थियों की उपलब्धि को अन्य छात्रों के लिए प्रेरणादायी बताते हुए उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story