चित्तौड़गढ़। नीट 2026 परीक्षा में हुई कथित धांधली और पेपर लीक मामले को लेकर देशव्यापी आक्रोश के बीच चित्तौड़गढ़ में भी विरोध की ज्वाला भड़क उठी है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष प्रमोद सिसोदिया के नेतृत्व में बुधवार को कलेक्ट्रेट चौराहे पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला दहन कर अपना कड़ा विरोध दर्ज कराया गया।

घटनाक्रम के अनुसार, 3 मई को आयोजित नीट 2026 परीक्षा में देशभर के 22 लाख से अधिक परीक्षार्थियों ने हिस्सा लिया था, जिन्होंने विगत दो वर्षों से इस कठिन परीक्षा के लिए दिन-रात परिश्रम किया था। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेसजनों ने कलेक्ट्रेट चौराहे पर एक विशाल मानव श्रृंखला बनाकर केंद्र की नीतियों की आलोचना की। जिलाध्यक्ष प्रमोद सिसोदिया ने संबोधित करते हुए कहा कि नीट जैसी महत्वपूर्ण परीक्षा का लगातार तीसरी बार पेपर लीक होना बेहद गंभीर और चिंताजनक है। उन्होंने आरोप लगाया कि परीक्षा निरस्त होने से लाखों छात्र-छात्राओं के भविष्य और उनकी मेहनत पर कुठाराघात हुआ है। इस परीक्षा की तैयारी के लिए अनगिनत परिवारों ने अपनी जमा पूंजी और आभूषण तक गिरवी रखकर बच्चों को कोचिंग करवाई थी, जिन्हें अब भारी आर्थिक क्षति के साथ मानसिक संताप भी झेलना पड़ रहा है।

कांग्रेस ने सीधे तौर पर नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) की कार्यप्रणाली को कठघरे में खड़ा किया है, जो सीधे केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय के अधीन है। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि बार-बार प्रश्नपत्र लीक होने और नकल की घटनाओं के बावजूद केंद्र सरकार ने न तो एजेंसी के प्रमुख के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई की और न ही व्यवस्था में सुधार के प्रभावी कदम उठाए, बल्कि संस्था की कमियों को ही संरक्षित किया गया। कांग्रेस ने मांग की है कि पेपर लीक की जिम्मेदारी लेते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री तत्काल इस्तीफा दें और धांधली की जड़ बनी एनटीए को भंग किया जाए।

इस विरोध प्रदर्शन में प्रकाश चौधरी, करण सिंह सांखला, प्रमोद मोदी, दिनेश गुर्जर, रफीक खान, ममतेश शर्मा, उत्सव भाणावत, विजय चौहान, इम्तियाज हुसैन, लक्ष्मण सिंह सांखला, दिनेश शर्मा, किशन लाल दशोरा, राजकुमार वैष्णव, राजकुमार सिंह, मोहसिन खान, अजय लोट, मुदस्सर पठान, मधु गोस्वामी, संजय राव, शिल्पन साहू, चक्षु शर्मा, गोटू अली, ललित बैरागी, देवेंद्र दयाल सालवी, दिनेश अहीर, आशीष त्रिवेदी, रामरतन गाडरी, महेन्द्र छपरवाल, महेंद्र राठौड़, इकबाल अब्बासी, गुलशेर खान, रफीक खान, लियाकत मंसूरी, बिलाल अली, मोहम्मद शेर, नवाब खान, फिरोज रंगरेज, शहजाद अबासी, संजय मंडल, फतह लाल, मनोहर लाल जाट, फारूक नीलगर, यूसुफ छिपा, मनीष मेहता, पृथ्वीराज गुज़र, विमल, नासिर खान, शिव माली, नरेंद्र लोहार, लवीश, सोनू, सुमित शर्मा, कैलाश खींची, आलोक, नैतिक, बी एल मीणा, किशोर कुमार, रमेश लढ्ढ़ा, बाल किशन गाडरी, फारूक खान, रोहित कोदली, भेरू लाल गुर्जर, ज्ञान चन्द, मांगी लाल रैगर, राहुल शर्मा, युवराज सिंह, महेश गाडरी, उदय लाल, विशाल कीर, इरफान, कृष्ण, राहुल दुम और मुश्ताक सहित सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे, जिन्होंने छात्रों के भविष्य के साथ हो रहे खिलवाड़ को रोकने हेतु आंदोलन जारी रखने का संकल्प लिया।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story