चित्तौड़गढ़। शौर्य और भक्ति की पावन धरा चित्तौड़गढ़ के स्थानीय इंदिरा गांधी स्टेडियम में खेलों का एक भव्य अध्याय शनिवार को स्वर्णिम स्मृतियों के साथ संपन्न हुआ। 69वीं राष्ट्रीय विद्यालय स्तरीय अंडर-14 हैंडबॉल प्रतियोगिता के समापन समारोह ने न केवल खेल भावना का परिचय दिया, बल्कि राजस्थान की टीम ने जनरल चैंपियनशिप पर कब्जा जमाकर प्रदेश का मान राष्ट्रीय स्तर पर बढ़ा दिया। देश के विभिन्न राज्यों से आए लगभग 1050 नन्हे खिलाड़ियों के जोश और जुनून से सराबोर यह प्रतियोगिता चित्तौड़गढ़ के खेल इतिहास में एक मील का पत्थर साबित हुई है। समापन के अवसर पर विजयी टीमों को स्वर्ण एवं रजत पदक तथा चमचमाती ट्राफियां प्रदान कर सम्मानित किया गया।

समारोह के मुख्य अतिथि चित्तौड़गढ़ विधायक चंद्रभान सिंह आक्या ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि राजस्थान की यह ऐतिहासिक जीत आगामी पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी। उन्होंने आयोजन की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार का लक्ष्य हर पंचायत स्तर पर खेल स्टेडियम विकसित करना है। विधायक ने स्पष्ट किया कि जिले में खेल सुविधाओं के उन्नयन के लिए संसाधनों की कमी आड़े नहीं आने दी जाएगी और प्राथमिकता के आधार पर खेल अधोसंरचना को सुदृढ़ किया जाएगा। वहीं बेगूं विधायक डॉ. सुरेश धाकड़ ने भावुक होते हुए कहा कि पारोली जैसे छोटे गांव से शुरू हुआ हैंडबॉल का सफर आज राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना चुका है, जो यह सिद्ध करता है कि प्रतिभाएं संसाधनों की मोहताज नहीं होतीं। उन्होंने औद्योगिक संस्थानों में पदक विजेता खिलाड़ियों को रोजगार और प्राथमिकता देने की पैरवी भी की।

एसजीएफआई के ऑब्जर्वर लईक अहमद खान ने प्रतियोगिता के प्रबंधन की सराहना करते हुए इसे राष्ट्रीय मानकों के अनुरूप बताया। उन्होंने शिक्षा विभाग और जिला प्रशासन के बीच के समन्वय को इस सफल आयोजन की रीढ़ करार दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी प्रमोद दशोरा के स्वागत उद्बोधन से हुआ, जबकि अंत में आयोजन सचिव एवं जिला शिक्षा अधिकारी राजेंद्र कुमार शर्मा ने सभी का आभार व्यक्त किया।

इस गरिमामय समारोह में अपर जिला कलेक्टर प्रभा गौतम, यूआईटी सचिव कैलाश गुर्जर, शिक्षक संघ राष्ट्रीय के प्रदेशाध्यक्ष रमेश पुष्करणा, जिंक सीएसआर हेड सुन्दराज, यूआईटी की मीनाक्षी वाधवानी, संजू लड्ढा, शारीरिक शिक्षक कानसिंह राठौड़, जवान सिंह, चंद्रकांत शर्मा, जगदीश खटीक, बसंतीलाल पंचोली एवं तिलकेश टेलर सहित बड़ी संख्या में निर्णायक, कोच और अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का जीवंत संचालन सूर्यप्रकाश गर्ग एवं पारसमल टेलर ने संयुक्त रूप से किया। यह आयोजन न केवल खेलों के प्रति समर्पण का प्रतीक बना, बल्कि चित्तौड़गढ़ की अतिथि देवो भव: की परंपरा को भी जीवंत कर गया।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story