चिकित्सा विभाग द्वारा 16 मई को 'जांच करें, सफाई करें और ढकें' थीम के तहत सघन सर्वे, एंटीलार्वा गतिविधियों और फॉगिंग के जरिए मच्छरों पर प्रहार किया जाएगा।

निम्बाहेडा। घातक डेंगू रोग के उन्मूलन और आमजन को इसके प्रति सचेत करने के उद्देश्य से आज समूचे चित्तौड़गढ़ जिले में 'राष्ट्रीय डेंगू दिवस' का आयोजन किया जा रहा है। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा इस वर्ष "डेंगू नियंत्रण के लिए जन भागीदारी: जांच करें, सफाई करें और ढकें" थीम के साथ व्यापक स्तर पर रोग निरोधात्मक गतिविधियों, सघन सर्वे और सैंपलिंग का खाका तैयार किया गया है। अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग की टीमें एंटीलार्वा और एंटी एडल्ट गतिविधियों के माध्यम से मच्छरों के प्रजनन पर प्रहार करेंगी और जन-जन को इस बीमारी के खतरों से आगाह करेंगी।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. ताराचन्द गुप्ता ने कार्यक्रम की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए बताया कि प्रतिवर्ष 16 मई को राष्ट्रीय डेंगू दिवस मनाने का मूल उद्देश्य समुदाय को डेंगू के विरुद्ध एकजुट करना है। इस विशेष अवसर पर स्वास्थ्यकर्मी घर-घर दस्तक देकर कूलर, टंकियों और अन्य जल पात्रों में एंटीलार्वा गतिविधियां संचालित करेंगे। साथ ही, क्षेत्र में बुखार के मरीजों की विशेष रूप से पहचान कर उनके रक्त के नमूने लिए जाएंगे ताकि समय रहते उपचार सुनिश्चित हो सके। विभाग द्वारा फॉगिंग जैसी एंटी अडल्ट गतिविधियों के जरिए वयस्क मच्छरों की रोकथाम के भी पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।

16 मई के इस विशेष अभियान के दौरान आमजन के सम्मुख मच्छरों के लार्वा का जीवंत प्रदर्शन भी किया जाएगा, जिससे लोग यह समझ सकें कि उनके घरों के भीतर मच्छर किस प्रकार पनपते हैं। उपमुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (स्वास्थ्य) डॉ. पुनीत कुमार तिवारी ने सावधानी बरतने की अपील करते हुए स्पष्ट किया कि डेंगू का मच्छर सदैव साफ पानी में ही पनपता है। उन्होंने नागरिकों को किचन और बाथरूम सूखा रखने, पानी के बर्तनों को अनिवार्य रूप से ढककर रखने, मच्छरों से बचाव हेतु मच्छरदानी का प्रयोग करने और बुखार आने की स्थिति में बिना विलंब किए चिकित्सकीय परामर्श लेने की सलाह दी है। स्वास्थ्य विभाग का यह मिशन न केवल डेंगू बल्कि अन्य मौसमी बीमारियों पर भी लगाम कसने की दिशा में एक निर्णायक कदम साबित होगा।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story