डूंगला। नाथ समाज की एकजुटता और शक्ति का भव्य प्रदर्शन उस समय देखने को मिला जब राजस्थान नाथ समाज अध्यक्ष पद के प्रत्याशी सत्यम योगी का गोरक्ष नाथ आश्रम एलवा माता (माताखेड़ा–डूंगला) में ऐतिहासिक और भव्य स्वागत किया गया। पूरे आयोजन ने न केवल सामाजिक एकता को सशक्त रूप में प्रस्तुत किया, बल्कि आगामी अध्यक्षीय चुनाव में सत्यम योगी के प्रति समाज के अटूट समर्थन को भी स्पष्ट कर दिया।

जिला अध्यक्ष उदयनाथ योगी द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, सत्यम योगी के डूंगला स्थित एलवा माता पहुंचते ही एलवा माताजी गेट से लेकर गोरक्ष नाथ आश्रम तक डीजे, ढोल-नगाड़ों और उत्साहपूर्ण नारों के साथ भव्य जुलूस निकाला गया। इस दौरान समाजजनों ने पुष्पवर्षा कर और पारंपरिक सम्मान के साथ प्रत्याशी का स्वागत किया। आश्रम परिसर में पहुंचने पर सत्यम योगी का विधिवत अभिनंदन किया गया, जहां पूरे वातावरण में जोश और समर्थन की गूंज सुनाई दी।

स्वागत समारोह में जिला अध्यक्ष उदयनाथ योगी, चोखला अध्यक्ष शंकर नाथ योगी, कैलाश योगी माताखेड़ा, मिठ्ठू नाथ योगी, भैरू नाथ योगी, गोपाल नाथ योगी, प्रेमनाथ योगी, सुरेश नाथ योगी, ओंकार नाथ योगी, अशोक नाथ योगी, निर्मल नाथ योगी, मोतीनाथ योगी, भैरू नाथ योगी आकोला, करण नाथ पिण्ड, दीरम नाथ योगी माताखेड़ा, अमित नाथ योगी और बाबू नाथ योगी विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम में मौजूद समाजजनों ने एक स्वर में सत्यम योगी को पूर्ण समर्थन देने और उन्हें अध्यक्ष पद पर विजयी बनाने का संकल्प व्यक्त किया।

समारोह के दौरान “सत्यम योगी की जीत, समाज की जीत” और “सत्य की जीत ही सत्यम जी की जीत है” जैसे नारों से आश्रम परिसर गूंज उठा। समाज के वरिष्ठजनों ने कहा कि यह समर्थन केवल एक व्यक्ति के लिए नहीं, बल्कि नाथ समाज की एकता, गरिमा और भविष्य के लिए है।

गौरतलब है कि गोरक्ष नाथ आश्रम एलवा माता पहुंचने से पूर्व भदेसर स्थित भैरव नाथ ट्रस्ट में भी प्रत्याशी सत्यम योगी का भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर ट्रस्ट अध्यक्ष ओंकार नाथ, सचिव किसन नाथ और उपाध्यक्ष पारस नाथ सहित संपूर्ण कार्यकारिणी ने सत्यम योगी का सम्मान किया। वहां भी समाज के सैकड़ों बंधुओं ने एकमत होकर सत्यम योगी के समर्थन में मतदान करने की सहमति दी।

इसके अतिरिक्त, कार्यक्रम में राम नाथ योगी, भीलवाड़ा नगर निगम उपमहापौर, जयपुर से जगदीश नाथ तथा खनिज उद्योगपति ईश्वर नाथ योगी तुलसा खेड़ा का भी स्वागत-सम्मान किया गया। इन सभी की उपस्थिति ने आयोजन को और अधिक गरिमामय बना दिया।

यह भव्य स्वागत और समाजजनों का खुला समर्थन इस बात का स्पष्ट संकेत है कि राजस्थान नाथ समाज अध्यक्ष पद के चुनाव में सत्यम योगी को व्यापक जनसमर्थन प्राप्त हो रहा है। कार्यक्रम ने नाथ समाज की संगठित शक्ति और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में उसकी सक्रिय भूमिका को मजबूती से रेखांकित किया।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story