अशोक गहलोत से मिले NSUI महासचिव, भूपालसागर में ट्रॉमा सेंटर की मांग
NSUI जिला महासचिव नारायण रावतिया ने पूर्व सीएम को नशे की समस्या और बेरोजगारी से अवगत कराया, भूपालसागर में चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार का मिला आश्वासन।

चित्तौड़गढ़ जिले में युवाओं के बीच तेजी से फैलती नशे की घातक लत और स्वास्थ्य सुविधाओं के अभाव जैसे गंभीर मुद्दों को लेकर NSUI के जिला महासचिव स्वामी नारायण रावतिया के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से शिष्टाचार भेंट की। इस मुलाकात के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने युवाओं में बढ़ते गांजा, अफीम और सूखे नशे के दुष्प्रभावों पर विस्तार से चर्चा कर पूर्व मुख्यमंत्री से मार्गदर्शन प्राप्त किया।
नारायण रावतिया ने युवाओं को इस दलदल से बाहर निकालने और एक स्वस्थ समाज के निर्माण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए "नशा मुक्त युवा, सशक्त राजस्थान" का संकल्प प्रस्तुत किया। चर्चा के दौरान चित्तौड़गढ़ के भूपालसागर क्षेत्र की एक अत्यंत महत्वपूर्ण और लंबे समय से लंबित मांग को प्रमुखता से उठाया गया। प्रतिनिधिमंडल ने अवगत कराया कि भूपालसागर क्षेत्र केंद्र में स्थित होने के बावजूद एक सुसज्जित ट्रॉमा सेंटर की सुविधा से वंचित है। किसी भी आपातकालीन स्थिति या भीषण सड़क दुर्घटना के समय मरीजों को 60 से 80 किलोमीटर दूर उदयपुर या चित्तौड़गढ़ रेफर करना पड़ता है, जिससे गोल्डन ऑवर में कीमती समय बर्बाद होने के कारण जान-माल का भारी नुकसान होता है।
मुलाकात के दौरान रावतिया ने आग्रह किया कि भूपालसागर में ट्रॉमा सेंटर की स्वीकृति मिलने से क्षेत्र के हजारों ग्रामीणों को समय पर उपचार मिल सकेगा। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने इस मांग को गंभीरता से सुनते हुए सकारात्मक आश्वासन दिया कि प्रदेश में उनकी सरकार आते ही इस समस्या का प्राथमिकता से समाधान किया जाएगा।
प्रतिनिधिमंडल ने क्षेत्र में बढ़ती बेरोजगारी को नशे और अपराध के ग्राफ में वृद्धि का मुख्य कारण बताया। रावतिया ने जोर देकर कहा कि जब युवाओं के पास रोजगार के अवसर नहीं होते, तो वे भटकाव की स्थिति में नशे और अपराध के दलदल में फंस जाते हैं, जो वर्तमान समाज के लिए अत्यंत चिंता का विषय है। पूर्व मुख्यमंत्री ने इन सामाजिक चुनौतियों पर गंभीर चिंतन की आवश्यकता जताते हुए प्रतिनिधिमंडल के प्रयासों की सराहना की।

Shivpal singh Panwar, Chittorgarh
नाम: शिव पाल सिंह पंवार
वर्तमान पद: संवाददाता (प्रातःकाल)
कार्यक्षेत्र: गाँव: कांकरवा, तहसील: भोपालसागर, जिला: चित्तौड़गढ़ (राजस्थान)
अनुभव: 10 साल
बीट और मुख्य विषय (Beats & Coverage)
- राजनीति: स्थानीय निकाय, पंचायत और क्षेत्र के राजनीतिक घटनाक्रम व जनप्रतिनिधियों के कार्यक्रमों की कवरेज।
- प्रशासन: सरकारी विभागों की कार्यप्रणाली, प्रशासनिक निर्णय, जनसुनवाई और विकास कार्यों की रिपोर्टिंग।
- शिक्षा व सामाजिक मुद्दे: स्थानीय विद्यालयों की स्थिति, शिक्षा योजनाएं और ग्रामीण क्षेत्रों के सामाजिक सरोकार से जुड़े विषय।
- स्वास्थ्य: चिकित्सा सेवाएं, सरकारी स्वास्थ्य योजनाएं और जनस्वास्थ्य से जुड़े समाचार।
- जन समस्या: ग्रामीण अंचल की बुनियादी समस्याएं और आम जनता से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने अपनी शिक्षा 11वीं तक पूरी की है।
