राजस्थान लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित आरएएस भर्ती 2024 के अंतिम परिणाम में डूंगला कस्बे की नमिता मेहता ने सफलता का परचम लहराते हुए समूचे जिले का मान बढ़ाया है। राजस्थान राज्य एवं अधीनस्थ सेवाएं संयुक्त प्रतियोगी परीक्षा 2024 के अंतर्गत जारी परिणाम में नमिता ने प्रदेश स्तर पर 198वीं रैंक हासिल कर डूंगला की पहली महिला आरएएस बनने का गौरव प्राप्त किया है। आयोग द्वारा इस भर्ती की मुख्य परीक्षा के उपरांत 1 दिसंबर 2025 से 17 अप्रैल 2026 तक साक्षात्कार आयोजित किए गए थे, जिसमें अपनी मेधा का प्रदर्शन कर 25 वर्षीय नमिता ने वरीयता सूची में प्रतिष्ठित स्थान सुनिश्चित किया।

किराणा व्यवसायी नरेंद्र मेहता एवं गृहिणी ललिता मेहता की पुत्री नमिता की इस उपलब्धि ने उनके साधारण परिवार की खुशियों को कई गुना बढ़ा दिया है। नमिता का छोटा भाई निखिल वर्तमान में सीए की पढ़ाई कर रहा है। शनिवार को जैसे ही परीक्षा परिणाम की घोषणा हुई, नमिता के निवास पर बधाई देने वालों का तांता लग गया और कस्बे में उत्सव सा माहौल व्याप्त हो गया। अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता और ईश्वर को देते हुए नमिता ने बताया कि उन्होंने वर्ष 2022 से इस कठिन परीक्षा की तैयारी प्रारंभ की थी। प्रथम प्रयास में असफलता हाथ लगने के बावजूद उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और दोगुने संकल्प के साथ पुनः तैयारी में जुट गईं, जिसका सुखद परिणाम आज सबके सामने है।

नमिता के अनुसार, आरएएस जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता के लिए धैर्य धारण करना नितांत आवश्यक है। उन्होंने अपनी इस यात्रा में मां और भाई के अटूट सहयोग को मील का पत्थर बताया। क्षेत्र के युवाओं को प्रेरित करते हुए नमिता ने संदेश दिया कि विद्यार्थियों को सदैव बड़े सपने देखने चाहिए और स्वयं पर पूर्ण विश्वास रखना चाहिए। उन्होंने जोर देकर कहा कि यदि पूरी मेहनत, दृढ़ संकल्प और ईश्वर पर भरोसे के साथ लक्ष्य की ओर बढ़ा जाए, तो सफलता निश्चित रूप से प्राप्त होती है। नमिता की यह उपलब्धि न केवल उनके परिवार के लिए गौरव का विषय है, बल्कि डूंगला क्षेत्र के उन तमाम युवाओं के लिए एक प्रेरणा पुंज है जो प्रशासनिक सेवाओं में जाने का सपना संजोए हुए हैं।

Praveen Mehta, Dungla

Praveen Mehta, Dungla

नाम: प्रवीण मेहता

वर्तमान पद: संवाददाता (प्रातकाल)

कार्यक्षेत्र: डूंगला उपखंड, जिला चित्तौड़गढ़ (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): प्रशासन, शिक्षा, और राजनीति

परिचय

प्रवीण मेहता राजस्थान के चित्तौड़गढ़ जिले के अंतर्गत आने वाले डूंगला उपखंड क्षेत्र के संवाददाता हैं। वह मुख्य रूप से प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा व्यवस्था, स्थानीय राजनीति, घटना-दुर्घटना और जनहित से जुड़े कार्यों की रिपोर्टिंग करते हैं। उनका मुख्य उद्देश्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाना, ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को इन योजनाओं से जोड़ना और सामाजिक सरोकार के मुद्दों को निष्पक्षता से उठाना है।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

प्रवीण मेहता को प्रिंट और डिजिटल मीडिया में दो दशकों से अधिक का व्यापक अनुभव है। उनके करियर का विवरण निम्नलिखित है:

  • जय राजस्थान, मेवाड़ी मीरा, और जननायक: वर्ष 2002 में इन समाचार पत्रों में कार्य किया।
  • दैनिक दशपुर एक्सप्रेस: वर्ष 2006 से लगातार 12 वर्षों तक इस समाचार पत्र में अपनी सेवाएं दीं।
  • दैनिक भास्कर: वर्ष 2008 से 2012 तक संवाददाता और एजेंसी के रूप में कार्य किया।
  • प्रातकाल: वर्ष 2018 से वर्तमान तक लगातार 'प्रातकाल' समाचार पत्र के संवाददाता के रूप में डूंगला क्षेत्र में कार्यरत हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने अपनी शिक्षा 10वीं कक्षा तक पूरी की है।

Next Story