राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय मुरला में सत्र 2025-26 के प्रतिभावान विद्यार्थियों के सम्मान में आयोजित समारोह शिक्षा, संस्कार और प्रेरणा का केंद्र बन गया। आर्य परिवार राशमी के भामाशाह एवं समाजसेवी डालचंद आर्य और उनके परिवार के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।

कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी रमेश चन्द मीना ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में समाजसेवी डालचंद आर्य उपस्थित रहे। समारोह में एसीबीओ लक्ष्मण सिंह चुंडावत, प्रशासक मुरला भेरूलाल बैरवा, सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य राशमी भंवर देवी आर्य, प्रधानाचार्य अशोक कुमार रेगर, प्रधानाचार्य कालूराम गाडरी, पूर्व प्रधानाचार्य मुश्ताक अहमद शाह, उपप्रधानाचार्य विनोद कुमार जैन, कालूराम तेली और अशोक कुमार आर्य सहित कई शिक्षाविद् एवं गणमान्यजन मौजूद रहे।

समारोह के दौरान भामाशाह आर्य परिवार द्वारा कक्षा 10 और 12 में 80 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों तथा कक्षा 8 में ए ग्रेड हासिल करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रमाण पत्र, उपरना और 1101 रुपये नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। नवोदय विद्यालय में चयनित विद्यार्थी हिमांशु साहू सहित अन्य प्रतिभाओं को भी विशेष सम्मान प्रदान किया गया।

मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी रमेशचन्द मीना ने विद्यार्थियों को जीवन को प्रकृति के साथ जोड़कर नवीन सोच और गंभीरता के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया। एसीबीओ लक्ष्मण सिंह चुंडावत ने नियमित अध्ययन और एकाग्रता को सफलता की कुंजी बताया। सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य भंवर देवी आर्य ने संस्कारयुक्त शिक्षा और बड़ों के सम्मान के महत्व पर विचार व्यक्त किए। समाजसेवी डालचंद आर्य ने विद्यार्थियों को गुरुजनों और माता-पिता के सम्मान के साथ जीवन में उच्च लक्ष्य निर्धारित करने की प्रेरणा दी।

कार्यक्रम में स्वागत उद्बोधन प्रधानाचार्य कालूराम गाडरी ने दिया, जबकि संचालन सत्यनारायण भट्ट ने किया। समारोह ने विद्यार्थियों में प्रतिस्पर्धा, शिक्षा के प्रति समर्पण और उत्कृष्ट प्रदर्शन की नई ऊर्जा का संचार किया।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story