चित्तौड़गढ़। इंदिरा गांधी स्टेडियम में मंगलवार को चित्तौड़गढ़ विधानसभा के उपखंड स्तरीय सांसद खेल महाकुंभ में वॉलीबॉल, रस्साकस्सी और कबड्डी के रोमांचक मुकाबलों ने खेल प्रेमियों को मंत्रमुग्ध कर दिया। चित्तौड़ शहर, चंदेरिया, घोसुंडा और सावा मंडल की टीमों ने भाग लेकर अपनी खेल प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

इस महाकुंभ में लोकसभा क्षेत्र के सभी मंडलों की विजेता टीमें 25 दिसंबर को आयोजित समापन समारोह में भाग लेंगी। सांसद सी. पी. जोशी ने इस अवसर पर खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल में अनुशासन ही खिलाड़ी को उत्कृष्टता तक पहुंचाने का मार्ग है। उन्होंने कहा कि यह मंच केवल प्रतियोगिता का नहीं, बल्कि खिलाड़ियों के भविष्य निर्माण का आधार भी है।

विधायक चंद्रभान सिंह आक्या ने कहा कि खेलों के माध्यम से खिलाड़ियों की प्रतिभा में निखार आता है और ऐसे आयोजनों से ग्रामीण और शहरी युवाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलता है। उन्होंने सांसद सी. पी. जोशी को आयोजन की सफलता के लिए बधाई दी। भाजपा जिलाध्यक्ष रतनलाल गाडरी ने खेलकूद का औपचारिक उद्घाटन किया और खिलाड़ियों से खेल भावना, अनुशासन एवं समर्पण के साथ श्रेष्ठ प्रदर्शन करने का आह्वान किया।

इस दौरान जिले के विभिन्न मैदानों में क्रिकेट प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया गया। कार्यक्रम में प्रमुख अतिथियों के रूप में विमल अग्रवाल, मिठ्ठु लाल जाट, बद्रीलाल जाट, श्रवण सिंह राव, रघु शर्मा, हर्षवर्धन सिंह, गौरव त्यागी, आई एम सेठिया, प्रधान देवेंद्र कंवर, सुरेश झंवर, सुशील शर्मा, भरत जागेटिया, सुधीर जैन, हरीश इनाणी, अनिल इनाणी, शैलेन्द्र झंवर, गोवर्धन जाट, मनोज पारीक, नंदकिशोर लोहार, लोकेश त्रिपाठी, आशीष शर्मा, दीपक शर्मा, संजू लढ्ढा, प्रहलाद टेलर, सत्यनारायण कुमावत, राजकुमार सुखवाल, राजमल सुखवाल, गोपाल राजोरा, शिरीष त्रिपाठी, रतन जाट, ओमप्रकाश शर्मा, राजन माली, कमलेश आमेरिया, रमेश सुथरा, मंजू पितलिया, अर्जुन जोनवाल, पंकज बसेर, लविश मूंदड़ा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

अतिथियों ने विजेता टीमों को मोमेंटो देकर सम्मानित किया। इस आयोजन ने न केवल युवा खिलाड़ियों के उत्साह और प्रतिभा को बढ़ावा दिया, बल्कि जिले में खेल संस्कृति को मजबूत करने में भी अहम भूमिका निभाई। सांसद खेल महाकुंभ युवाओं को अनुशासन, प्रतिस्पर्धा और नेतृत्व के गुण सिखाने का महत्वपूर्ण मंच बन गया है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story