मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और व्यवस्थित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से गुरुवार को जिला परिषद सभागार में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला कलक्टर डॉ. मंजू ने की। बैठक में जिले में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने, त्योहार के दौरान आवश्यक व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करने तथा विभिन्न संवेदनशील मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गई।

जिला कलक्टर डॉ. मंजू ने सभी धर्मों के लोगों से अपील करते हुए कहा कि सभी त्योहार आपसी भाईचारे, प्रेम और सौहार्द के साथ मनाए जाएं। उन्होंने लोगों से किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान नहीं देने तथा जिले की परंपरा के अनुरूप शांति एवं सद्भाव बनाए रखने का आह्वान किया। मोहर्रम पर्व के दौरान व्यवस्थाओं को लेकर उन्होंने संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। साथ ही बिजली विभाग के अधिकारियों को शहर में नीचे लटके बिजली के तारों को दुरुस्त करने के निर्देश दिए।

बैठक में पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह यादव ने मोहर्रम के दौरान शहर में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने, गुंडागर्दी पर प्रभावी नियंत्रण तथा सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा की। उन्होंने आमजन से राज कोप सीटीजन एप डाउनलोड करने की अपील करते हुए बताया कि इस ऐप के माध्यम से एफआईआर, आपातकालीन कॉल, महिलाओं की सुरक्षा, हेल्पलाइन, शहर के कैमरों सहित विभिन्न प्रकार की महत्वपूर्ण जानकारी एवं सहायता प्राप्त की जा सकती है।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि शहर के पाडन पोल एवं शास्त्री नगर क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरों की आवश्यकता महसूस की गई है, जिससे निगरानी व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाया जा सके। इस संबंध में नगर परिषद से चर्चा कर शहर के विभिन्न स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे स्थापित कराने की कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में खनिज विभाग से संबंधित रेती के डंपरों की गति नियंत्रण, सीएलजी सदस्यों को कार्ड उपलब्ध करवाने, जिले में बच्चों के बीच बढ़ रही नशे की प्रवृत्ति को लेकर फीडबैक लेने सहित कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई। अति कलक्टर दिनेश धाकड़ एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुकुल शर्मा ने शांति समिति के सदस्यों से त्योहार के दौरान आवश्यक व्यवस्थाओं तथा संभावित समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की।

बैठक में त्योहार के दौरान शहर में भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाने तथा पर्याप्त लाइटिंग व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए नगर परिषद आयुक्त को निर्देश दिए गए। इसके साथ ही बेगूं क्षेत्र में चेची रोड की यातायात व्यवस्था को लेकर भी आवश्यक चर्चा की गई।

बैठक में उपखंड अधिकारी रजनी मीणा, अधीक्षण अभियंता अ.वि.वि.नि. राम सिंह यादव, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी अधीक्षण अभियंता सुनित गुप्ता, यूआईटी से अंशुल आमेरिया, आयुक्त रविंद्र यादव सहित शांति समिति के सदस्य, सीएलजी सदस्य एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

मोहर्रम पर्व को लेकर आयोजित इस बैठक में सुरक्षा, यातायात, निगरानी व्यवस्था, सार्वजनिक सुविधाओं और सामाजिक सौहार्द से जुड़े मुद्दों पर लिए गए निर्णय आगामी दिनों में जिले में शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित आयोजन सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story