मोहाली हत्याकांड: जीनगर समाज ने चित्तौड़गढ़ में सौंपा ज्ञापन
मोहाली में डिंपल खत्री की हत्या के विरोध में चित्तौड़गढ़ के समाज प्रतिनिधियों ने अतिरिक्त कलेक्टर को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा, दोषियों पर कार्रवाई की मांग।

चित्तौड़गढ़ में जीनगर समाज के प्रतिनिधियों ने मोहाली हत्याकांड के दोषियों को फांसी देने और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा।
चित्तौड़गढ़। मोहाली में कार्यरत जीनगर समाज की बेटी कुमारी डिंपल खत्री की हुई निर्मम हत्या के प्रकरण ने पूरे समाज में गहरा आक्रोश और शोक व्याप्त कर दिया है। इसी कड़ी में चित्तौड़गढ़ के जीनगर समाज के प्रतिनिधियों ने दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्यवाही सुनिश्चित करने तथा पीड़ित परिवार को न्याय एवं आर्थिक सहायता दिलाने की मांग को लेकर राष्ट्रपति के नाम एक ज्ञापन अतिरिक्त कलेक्टर रामचंद्र खटीक को सौंपा।
घटना का विवरण देते हुए ज्ञापन में बताया गया कि पटियाला की निवासी 29 वर्षीय कुमारी डिंपल खत्री मोहाली स्थित एक निजी कंपनी में कार्यरत थीं। बीते 4 जून को कंपनी परिसर के भीतर ही उनके एक सहकर्मी हरजीन्दर मान उर्फ हैरी ने धारदार हथियार से उन पर जानलेवा प्रहार कर निर्मम हत्या कर दी। इस हृदयविदारक घटना ने समाज को झकझोर कर रख दिया है। अनुसूचित जाति से ताल्लुक रखने वाली डिंपल खत्री के परिवार में उनके पिता राजकुमार खत्री, माता सरस्वती देवी तथा भाई अशोक कुमार और राहुल सहित अन्य परिजन हैं, जो हस्तनिर्मित पंजाबी जुत्ती बनाने का पुश्तैनी कार्य कर जीविकोपार्जन करते हैं। पुत्री के असामयिक और क्रूर निधन से यह परिवार न केवल गहरे मानसिक सदमे में है, बल्कि भीषण सामाजिक और आर्थिक संकट का सामना करने को विवश है।
ज्ञापन के माध्यम से समाज ने मांग की है कि हत्याकांड के दोषियों को जल्द से जल्द फांसी की सजा दी जाए। साथ ही, पीड़ित परिवार को आर्थिक संबल प्रदान करने और उनके भरण-पोषण हेतु सरकारी नौकरी उपलब्ध कराने की पुरजोर मांग की गई है। इस अवसर पर राजेश जीनगर, छगनलाल, अंबालाल, नवरतन, शांतिलाल सिसोदिया, नवरतन, खूबचंद, शांतिलाल, गोपाललाल सिसोदिया, सीताराम सिसोदिया, मगनलाल सिसोदिया, धनराज सोनगरा, भागचंद जीनगर, कन्हैयालाल जादरा चौहान, राकेश पड़िहार, विदेश, मुकेश बोराणा, मनोज सोनगरा, कैलाश पंवार, सुनील पड़िहार, अनिल पड़िहार, राकेश पड़िहार, पंकज सिसोदिया, राजू बोराना, अजय पड़िहार, मनीष पड़िहार, रजत जीनगर, राजेंद्र सिसोदिया, राहुल, गोविंद, अभिषेक गहलोत, अरविंद सोलंकी, अनिल सिसोदिया, रामप्रसाद, विनोद कुमार, अशोक पंवार, रतनलाल, गीता और अभिषेक सहित जीनगर समाज के बड़ी संख्या में प्रतिनिधि मौजूद रहे। समाज के इन प्रबुद्धजनों ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने का संकल्प दोहराया है।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
