डूंगला। स्वामी विवेकानंद राजकीय मॉडल स्कूल डूंगला में शैक्षिक वातावरण के साथ-साथ छात्र सुविधाओं के विस्तार की कड़ी में एक सराहनीय पहल सामने आई है। स्थानीय विद्यालय में भामाशाह सिद्धार्थ तातेड़ द्वारा अपने माता-पिता, श्रीमती रेखा देवी एवं श्री महेश जी तातेड़ की वैवाहिक वर्षगांठ के पावन उपलक्ष्य में जनहितार्थ वॉटर कूलर मय RO मशीन भेंट की गई। इस पुनीत कार्य से विद्यालय के विद्यार्थियों को अब भीषण गर्मी के दौरान शुद्ध और शीतल पेयजल उपलब्ध हो सकेगा।

इस अवसर पर विद्यालय परिसर में एक गरिमामय सम्मान समारोह आयोजित किया गया, जिसमें विद्यालय परिवार एवं स्कूल डेवलपमेंट एंड मैनेजमेंट कमेटी (SDMC) द्वारा उदारमना भामाशाह सिद्धार्थ तातेड़ का भव्य अभिनंदन किया गया। संस्था की ओर से उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट कर उनके इस निस्वार्थ योगदान के लिए आभार व्यक्त किया गया। कार्यक्रम के दौरान संस्था प्रधान श्रवण प्रजापति ने भामाशाह के इस सेवाभावी कदम की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षण संस्थानों में बुनियादी सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण में जनभागीदारी का विशेष महत्व है।

आयोजन के दौरान सिद्धार्थ तातेड़ के साथ दीपेश धींग, नवीन सामर, अश्विन दक और तुलसीराम शर्मा सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। विद्यालय प्रशासन ने विश्वास जताया कि इस प्रकार के दान और सेवा कार्यों से न केवल विद्यालय का विकास होता है, बल्कि छात्रों को भी समाज सेवा की प्रेरणा मिलती है।

Pratahkal HQ

Pratahkal HQ

Next Story