राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण की पहल पर बाल विवाह की रोकथाम और आमजन में विधिक जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से सचल विधिक सेवा केन्द्र एवं मोबाइल लोक अदालत वाहन को गुरुवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अध्यक्ष मान सिंह चूंडावत द्वारा न्यायालय परिसर से हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया गया। यह पहल न्यायक्षेत्र में कानून की सामान्य जानकारी और विधिक साक्षरता के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

इस अवसर पर प्राधिकरण सचिव सुनील कुमार गोयल और अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश अटल सिंह चम्पावत भी उपस्थित रहे। प्राधिकरण सचिव गोयल ने बताया कि इस मोबाइल वैन के माध्यम से विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया जाएगा। इनमें जागृति स्कीम, संवाद स्कीम, डान स्कीम, मानव वन्यजीव संघर्ष स्कीम, पीड़ित प्रतिकर स्कीम, विधिक सहायता, कानूनी सलाह, राष्ट्रीय लोक अदालत और साइबर फ्रॉड रोकथाम से जुड़ी जानकारी शामिल है। साथ ही आमजन को कानूनी जानकारी से संबंधित पेम्पलेट्स वितरित किए जाएंगे।

मोबाइल वैन द्वारा शहर के ओछड़ी चौराहा, प्रतापनगर, सैंती, देहली गेट, रोडवेज बस स्टेण्ड, रेलवे स्टेशन और सुभाष चौक सहित विभिन्न स्थानों पर विधिक सेवाओं का प्रचार-प्रसार किया जाएगा। इसके अतिरिक्त आगामी दिनों में यह वैन रावतभाटा, बेगूं, गंगरार, डूंगला, निम्बाहेड़ा, मण्डफिया, भदेसर एवं बड़ीसादड़ी ताल्लुका क्षेत्रों के गांवों में पहुंचकर बाल विवाह की रोकथाम और विधिक जानकारी का व्यापक प्रचार-प्रसार करेगी।

यह अभियान न केवल बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है, बल्कि आमजन को उनके अधिकारों और कानून संबंधी जानकारी से सशक्त बनाने का भी सशक्त माध्यम साबित होगा।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story