राजस्थान में भजनलाल सरकार ने सवा दो वर्षों के कार्यकाल में जनसेवा और विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। विधायक चंद्रभान सिंह आक्या ने कहा कि सरकार की पहचान जनता से सीधा संवाद, समस्याओं का त्वरित समाधान और पारदर्शी कार्यशैली से स्थापित हुई है, जिससे प्रदेश में सुशासन और जनकल्याण को नई दिशा मिली है।

विधायक आक्या ग्राम लालजी का खेड़ा में आयोजित कार्यक्रम में ग्रामीणों को संबोधित कर रहे थे, जहां सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग द्वारा कृषकों, पशुपालकों और ग्रामीण क्षेत्रों के लिए संचालित योजनाओं के प्रचार-प्रसार हेतु एलईडी वेन के माध्यम से ग्राम रथ पहुंचा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का सवा दो वर्षों का कार्यकाल क्षेत्रीय विकास की मजबूत नींव साबित हुआ है और विधानसभा क्षेत्र के गांवों में विकास कार्य प्राथमिकता के आधार पर निरंतर कराए जा रहे हैं।

उन्होंने शिक्षा क्षेत्र में स्कूल सुविधाओं के सुधार, छात्रों के लिए प्रोत्साहन योजनाओं और शैक्षणिक वातावरण को सुदृढ़ करने के प्रयासों का उल्लेख किया। साथ ही स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर, टीकाकरण अभियान और प्राथमिक स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार को सरकार की प्रमुख उपलब्धियों में बताया।

विकास अधिकारी समुन्द्र सिंह ने जानकारी दी कि ग्राम रथ के माध्यम से कृषि, उद्यानिकी, कृषि विपणन, पशुपालन, डेयरी, मत्स्य, सहकारिता, सिंचाई, उद्योग, ऊर्जा, राजस्व, पंचायतीराज और ग्रामीण विकास विभाग की योजनाओं का प्रचार-प्रसार मोबाइल एलईडी वेन तथा साहित्य और प्रचार सामग्री के जरिए किया जा रहा है। ग्राम लालजी का खेड़ा में रथ के आगमन पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।

कार्यक्रम के दौरान विधायक आक्या ने जनसुनवाई कर ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर ही निराकरण किया। इस अवसर पर प्रवीण सिंह राठौड़, अनिल सुखवाल, रतन डांगी, किशन गुर्जर, मुकेश गुर्जर, मदनसिंह, भगवतीलाल शर्मा, राधाकिशन लोधा, लाला गुर्जर, कालु गुर्जर, विनोद गुर्जर, कालु लोधा, देवीलाल लोधा, बगदीदास रंगास्वामी, अशोक लोधा, ओमप्रकाश शर्मा, अनिल शर्मा, कैलाश गुर्जर और रमेश लोधा सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और ग्रामीण मौजूद रहे।

यह कार्यक्रम न केवल योजनाओं के प्रभावी प्रचार-प्रसार का माध्यम बना, बल्कि जनसुनवाई के जरिए समस्याओं के त्वरित समाधान के साथ सरकार की पारदर्शी और जवाबदेह कार्यशैली को भी रेखांकित करता है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story