राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय मुरला में 'मेवाड़ को जानो' प्रतियोगिता आयोजित
विद्यार्थियों को गौरवशाली इतिहास से रूबरू कराने के लिए आयोजित प्रतियोगिता में विजेताओं को पुरस्कृत किया गया।

राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय मुरला में आयोजित ग्रीष्मकालीन समाज सेवा शिविर के दौरान 'मेवाड़ को जानो' प्रतियोगिता में प्रतिभागी विद्यार्थी और शिक्षक उपस्थित हुए।
राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, मुरला में चल रहे ग्रीष्मकालीन समाज सेवा शिविर के अंतर्गत आज विद्यार्थियों के सामान्य ज्ञान और सांस्कृतिक संवर्धन हेतु "मेवाड़ को जानो" प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य नई पीढ़ी को मेवाड़ के गौरवशाली इतिहास, संस्कृति, त्याग और बलिदान की समृद्ध परंपराओं से रूबरू कराना था।
कार्यक्रम के दौरान मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी कार्यालय के संदर्भ व्यक्ति (रिसोर्स पर्सन) श्री ओमप्रकाश खटीक ने शिविर का अवलोकन किया। उन्होंने विद्यार्थियों द्वारा प्रदर्शित ज्ञान और उत्साह की मुक्तकंठ से सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों को अपनी जड़ों और समृद्ध इतिहास से जोड़े रखने में बेहद मददगार साबित होते हैं। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री अशोक कुमार रेगर और उप प्रधानाचार्य श्री कालूराम गाडरी ने अतिथियों का स्वागत कर शिविरार्थियों का मनोबल बढ़ाया।
प्रतियोगिता के समापन पर निर्णायक परिणामों के आधार पर विद्या कुमारी जाट ने प्रथम, तनिषा मीणा ने द्वितीय और ममता कुमावत ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। भामाशाहों द्वारा विजेता छात्र-छात्राओं को नकद पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
प्रधानाचार्य श्री अशोक कुमार रेगर ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि मेवाड़ की धरती शौर्य और भक्ति की धरा है। उन्होंने कहा कि हमारे बच्चों को इस माटी के इतिहास पर गर्व होना चाहिए और यह प्रतियोगिता सिर्फ एक मुकाबला नहीं, बल्कि अपनी संस्कृति को पहचानने की एक सार्थक पहल है। शिविर के सफल संचालन के लिए विद्यालय स्टाफ और प्रबुद्ध जनों ने सभी प्रतिभागियों को बधाई दी और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
