गौरव तीर्थ प्रन्यास की इस प्रतियोगिता का पहला चरण 24 मई को होगा, जिसमें सफल प्रतिभागियों को नकद पुरस्कारों से नवाजा जाएगा।

गौरव तीर्थ प्रन्यास द्वारा आयोजित मेवाड़ गौरव गाथा प्रश्नोत्तरी को लेकर पूरे अंचल में अभूतपूर्व उत्साह देखा जा रहा है। प्रतियोगिता के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की अवधि शनिवार को समाप्त हो गई। मेवाड़ के इतिहास, शौर्य और सांस्कृतिक विरासत को जानने के लिए विद्यार्थियों में विशेष जिज्ञासा देखने को मिली, जिससे यह आयोजन व्यापक स्तर पर चर्चा का विषय बन गया है।

प्रन्यास के ट्रस्टी पुष्कर नराणियां ने बताया कि इस प्रतियोगिता में देश के 11 राज्यों के साथ ही राजस्थान के 41 जिलों के विद्यार्थियों ने ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराया है। प्रतियोगिता के लिए गठित 40 टोलियों ने लगभग 450 विद्यालयों के 50 हजार विद्यार्थियों को मेवाड़ के गौरवशाली इतिहास से परिचित कराने और अध्ययन हेतु प्रेरित किया, जिनमें से लगभग 10 हजार विद्यार्थियों ने प्रतियोगिता के लिए अपना पंजीकरण कराया है।

प्रतियोगिता के प्रचार-प्रसार और जनजागरण के लिए गठित 4 विशेष टीमों ने विभिन्न शहरों एवं आम चौराहों पर पहुंचकर मेवाड़ के इतिहास से जुड़े प्रश्न पूछे। इस दौरान विद्यार्थियों और आमजन में प्रतियोगिता को लेकर विशेष उत्साह देखा गया।

ट्रस्टी श्रवण सिंह राव ने बताया कि इतिहास को घर-घर तक पहुंचाने के उद्देश्य से प्रन्यास द्वारा लगभग 10 हजार विद्यार्थियों को मेवाड़ गौरव गाथा पुस्तक उपलब्ध करवाई गई है। साथ ही 450 विद्यालयों की पुस्तकालयों को भी यह पुस्तक भेंट की गई है, ताकि नई पीढ़ी मेवाड़ के गौरवशाली इतिहास से जुड़ सके।

प्रतियोगिता के लिए आकर्षक पुरस्कार राशि भी निर्धारित की गई है। प्रथम पुरस्कार 1 लाख रुपए, द्वितीय पुरस्कार 51 हजार रुपए तथा तृतीय पुरस्कार 21 हजार रुपए रखा गया है। इसके अतिरिक्त 50 प्रतिभागियों को 2100 रुपए के सांत्वना पुरस्कार भी प्रदान किए जाएंगे, जिससे विद्यार्थियों का उत्साह और अधिक बढ़ा है।

प्रतियोगिता का प्रथम चरण 24 मई को ऑनलाइन आयोजित किया जाएगा। प्रथम चरण में चयनित प्रथम 450 प्रतिभागी द्वितीय चरण के लिए चयनित होंगे। द्वितीय चरण 14 जून को चित्तौड़गढ़ जिला मुख्यालय पर ऑनलाइन परीक्षा के रूप में आयोजित किया जाएगा और उसी दिन परिणाम घोषित कर विजेताओं को पुरस्कृत भी किया जाएगा।

आयोजकों के अनुसार इस पहल का उद्देश्य नई पीढ़ी को मेवाड़ की वीरता, त्याग, स्वाभिमान और सांस्कृतिक विरासत से जोड़ना है, ताकि युवा अपने गौरवशाली इतिहास से प्रेरणा प्राप्त कर सकें।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story