मयूरी सोनी को मिली डॉक्टरेट की उपाधि, अफीम की खेती पर किया शोध
निम्बाहेड़ा के सोनी परिवार की वधु मयूरी ने प्रतापगढ़ में अफीम की खेती और लागत विश्लेषण पर 5 साल तक विस्तृत अध्ययन कर जीजीटीयू से पीएचडी हासिल की है।

निम्बाहेड़ा, 21 मार्च 2025 | निम्बाहेड़ा के राधेश्याम सोनी (RRR परिवार) की पौत्र वधु मयूरी पत्नी भानु सोनी को बांसवाड़ा की गोविंद गुरु जनजातीय विश्वविद्यालय से डॉक्टरेट की उपाधि मिली है जिससे क्षेत्र एवं सोनी परिवार का गौरव बढ़ा है।
अफीम की खेती और आगम विश्लेषण पर शोध
प्राप्त जानकारी के अनुसार मयूरी सोनी पिछले 5 वर्षों से प्रतापगढ़ जिले में अफीम पोस्त की खेती में लागत विषय पर शोध निर्देश डॉक्टर पवन कुमार पीलोदिया के मार्गदर्शन में विस्तृत अध्ययन एवं आगम विश्लेषण कर रही थी। उक्त विषय पर मयूरी सोनी ने अपनी विस्तृत थीसिस गोविंद गुरु जनजातीय विश्वविद्यालय बांसवाड़ा में जमा करवाई थी जहाँ उनका प्रोफेसर पेनल के समक्ष अंतिम वायवा संपन्न हुआ। वायवा के उपरांत मयूरी के थीसिस को पेनल ने स्वीकार करते हुए उन्हें पीएचडी की उपाधि प्रदान की, इसके संदर्भ में विश्वविद्यालय द्वारा नोटिफिकेशन भी जारी कर दिया गया है एवं डॉक्टरेट सर्टिफिकेट भी सौंप दिया गया है।
दीक्षांत समारोह में राज्यपाल करेंगे सम्मानित
मयूरी सोनी को डॉक्टरेट की यह उपाधि आगामी नवंबर अथवा दिसंबर माह में होने वाले विश्वविद्यालय के कन्वोकेशन समारोह में माननीय राज्यपाल के हाथों सौंपी जाएगी। मयूरी ने बताया कि उनके माता-पिता बद्रीलाल-डिंपल सोनी, दादा ससुर राधेश्याम सोनी एवं सास चंद्रकला सहित समस्त परिवारजनों ने उन्हें हमेशा अध्ययन जारी रखने की प्रेरणा दी।
सफलता का श्रेय और पारिवारिक सहयोग
इस अवसर पर मयूरी सोनी ने कहा कि — "उनकी हमेशा से इच्छा थी कि वे उच्च अध्ययन करे जिसमें उन्हें शादी से पूर्व उनके पीहर परिवार एवं शादी के पश्चात उनके ससुराल परिवार ने पूरा सहयोग दिया।" मयूरी ने विशेष रूप से उल्लेख किया कि उनके पति भानु ने भी हमेशा उन्हें सहयोग दिया और इसी का परिणाम है कि आज वे अपने लक्ष्य को प्राप्त करते हुए डॉक्टरेट की उपाधि हासिल करने में कामयाब हो सकी हैं।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
