चित्तौड़गढ़, 22 नवम्बर। निम्बाहेड़ा कस्बे में 18 फरवरी 2023 को चोरी हुए ट्रक का खरीददार महावीर पंडित को कोतवाली निम्बाहेड़ा थाना पुलिस ने ब्यावर से गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी पिछले छह महीने की गहन जांच और कई राज्यों में छापेमारी के बाद हुई है।

पुलिस अधीक्षक, जिला चित्तौड़गढ़ ने बताया कि चोरी की घटना बडौली रोड, ईश्क़ाबाद मस्जिद के पास हुई थी, जिसमें नासिर खान पुत्र अहमद खान का ट्रेलर अशोक लिलेण्ड चोरी हो गया था। मामले की जांच एएसआई सूरज कुमार को सौंपी गई। जांच के दौरान आसपास के सीसीटीवी फुटेज और मुखबीरों से जानकारी मिली कि ट्रक को धर्मेन्द्र उर्फ महेन्द्र बन्जारा और राजमल बन्जारा द्वारा रात में चोरी करके मध्यप्रदेश के नीमच जिले से ले जाया गया था। पुलिस ने पहले ही धर्मेन्द्र उर्फ महेन्द्र और फिरोज को गिरफ्तार कर लिया था।

जांच को आगे बढ़ाते हुए एएसआई सूरज कुमार और उनकी टीम ने चोरी के ट्रक को खरीदने वाले महावीर पंडित का नाम सामने लाया। आरोपी की तलाश गुड़गांव, लखनऊ, बांसवाड़ा, तिजारा अलवर, फरीदाबाद हरियाणा जैसे कई स्थानों पर की गई। अंततः महावीर पंडित को ब्यावर से पकड़ कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे पांच दिनों के पुलिस रिमांड पर लिया गया। आरोपी वर्तमान में पुलिस अभिरक्षा में है।

महावीर पंडित पर पहले से ही दर्जन भर से अधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें चोरी के माल ट्रक खरीदने, धोखाधड़ी, मारपीट और लूट के मामले शामिल हैं। उसके खिलाफ थाना कोतवाली बांसवाड़ा, ब्यावर सदर, फरीदाबाद हरियाणा और सदर भीलवाड़ा में कई आपराधिक प्रकरण पंजीकृत हैं और वह लंबे समय से वांछित चल रहा था।

यह गिरफ्तारी चोरी की घटनाओं के खिलाफ पुलिस की सतत निगरानी और गहन अनुसंधान की सफलता को दर्शाती है। इससे क्षेत्र में अपराध नियंत्रण और चोरी की रोकथाम के प्रयासों को मजबूती मिली है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story