चित्तौड़गढ़ में चोरी का ट्रक खरीदने वाला आरोपी महावीर पंडित गिरफ्तार, दर्जन भर अपराध दर्ज
चित्तौड़गढ़ पुलिस ने दो वर्ष पुरानी ट्रक चोरी की गुत्थी सुलझाते हुए चोरी का ट्रक खरीदने वाले महावीर पंडित को ब्यावर से गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ बांसवाड़ा, फरीदाबाद और अन्य स्थानों में दर्जन भर से अधिक चोरी, धोखाधड़ी और मारपीट के मामले पंजीबद्ध हैं।

चित्तौड़गढ़। दो साल पुरानी ट्रक चोरी की गुत्थी का पुलिस ने आखिरकार पर्दाफाश कर दिया है। निम्बाहेड़ा थाना पुलिस ने चोरी का ट्रक खरीदने वाले महावीर पंडित को ब्यावर से गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ कई राज्यों में दर्जन भर से अधिक चोरी, धोखाधड़ी और मारपीट के प्रकरण भी पंजीबद्ध हैं।
पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने बताया कि 18 फरवरी 2023 को बडौली रोड, ईश्क्काबाद मस्जिद के पास से नासिर खान के ट्रेलर अशोक लिलैंड को अज्ञात चोरों ने चोरी कर लिया था। मामले की जांच एएसआई सुरज कुमार को सौंपी गई। जांच के दौरान CCTV फुटेज और मुखबीर की सूचना से पता चला कि ट्रक को धर्मेन्द्र उर्फ महेन्द्र बन्जारा और राजमल बन्जारा ने रात के समय चोरी किया था। पुलिस ने पहले ही धर्मेन्द्र और फिरोज को गिरफ्तार किया था।
जांच में जुटी टीम ने आरोपी फिरोज की सूचना पर ट्रक खरीदने वाले महावीर पंडित का पता लगाया। पिछले छह माह तक गुड़गांव, लखनऊ, बांसवाड़ा, तिजारा (अलवर), फरीदाबाद और हरियाणा में उसके ठिकानों की तलाश की गई। अंततः उसे ब्यावर से गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। आरोपी के 5 दिन के पुलिस रिमांड की मंजूरी भी मिली है।
महावीर पंडित के खिलाफ थाना कोतवाली बांसवाड़ा, ब्यावर सदर, फरीदाबाद और भीलवाड़ा में चोरी, धोखाधड़ी और मारपीट के अलग-अलग मामले दर्ज हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस गिरफ्तारी से ट्रक चोरी और धोखाधड़ी जैसे अपराधों की जांच में बड़ी सफलता मिली है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
