निम्बाहेड़ा: भगवान महावीर स्वामी के 2625वें जन्म कल्याणक पर निकली विशाल शोभायात्रा
सकल जैन समाज द्वारा आदिनाथ मंदिर से श्री राजेंद्र सुरि ज्ञान मंदिर तक भव्य चल समारोह आयोजित, विधायक श्रीचंद्र कृपलानी सहित कई जनप्रतिनिधि हुए शामिल।

निम्बाहेड़ा। श्रमण संस्कृति के अमर देवता भगवान महावीर स्वामी के 2625वें जन्म कल्याणक महोत्सव के पावन अवसर पर सकल जैन समाज द्वारा भक्ति और श्रद्धा के साथ विशाल शोभायात्रा निकाली गई। "त्रिशला नन्दन वीर की, जय बोलो महावीर की" के गगनभेदी उद्घोषों से संपूर्ण नगर गुंजायमान हो उठा। महोत्सव समिति के संयोजक सुरेंद्र डूंगरवाल के अनुसार प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी जन्म कल्याणक के पावन प्रसंग पर भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया गया। यह यात्रा आदिनाथ जैन मंदिर से मंत्रोच्चार के साथ प्रारंभ होकर नगर के प्रमुख मार्गों होलीथड़ा, वर्धमान चौक, राजेन्द्र चौक, सदर बाजार, मोती बाजार, शास्त्री गली, रामद्वारा, चितोड़ी गेट, कैंची चौराहा, चंदन चौक, परशुराम सर्कल, शेखावत सर्कल और एलआईं सी ऑफिस से होते हुए श्री राजेंद्र सुरि ज्ञान मंदिर पहुंची।
शोभायात्रा के मार्ग में श्रद्धालुओं का उत्साह चरम पर था, जहां जगह-जगह भगवान महावीर स्वामी के रथ की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई और अक्षत से वधाया गया। इस दौरान समाज के पुरुष श्वेत परिधानों में और महिलाएं पारंपरिक लाल रंग की साड़ियों में सुसज्जित होकर चल रही थीं। शोभायात्रा के पश्चात ज्ञान मंदिर में आयोजित धर्मसभा में साध्वी रमणिक कुंवर जी महाराज साहब के मंगल प्रवचन हुए, जिसके उपरांत लाभार्थी जारोली परिवार द्वारा प्रभु महावीर स्वामी की दिव्य आरती उतारी गई। शाही बग्गी में सवार महोत्सव के मुख्य लाभार्थी सुशीला देवी एवं मनीष जारोली परिवार ने सभी का 'जय जिनेन्द्र' के साथ अभिवादन स्वीकार किया।
इस भव्य आयोजन में पूर्व विधायक अशोक नवलखा, कमलेश ढेलावत, वीरेश चपलोत, अभय बोड़ाना, शेरसिंह पारख, ज्ञानचंद ढेलावत, डॉ. जे.एम. जैन, अनिल मारु, चल समारोह के संयोजक अंकित विरानी, संतोष जैन, आनन्द सालेचा, मनीष बाबेल, पारस बोहरा, अशोक जैन, बाबूलाल सिंघवी, कमल डागा, अर्पित सिंघवी, रवि मोदी, वीरेंद्र मारु, सुरेश बोड़ाना, कपिल चौधरी, हस्तीमल सेठिया और बसंतीलाल सिंघवी सहित भारी संख्या में समाज जन उपस्थित रहे। साथ ही विधायक श्रीचंद्र कृपलानी, पूर्व जिला प्रमुख भूपेंद्र सिंह बडोली, गब्बर सिंह अहीर, जिला फुटबाल संघ अध्यक्ष पूरण आंजना, छोटीसादड़ी के पूर्व उप प्रधान विक्रम आंजना, पूर्व पालिका अध्यक्ष श्रीमती ममता शारदा, सुभाष शारदा, प्रहलाद राय सोनी, पुरुषोत्तम लाल झंवर, पूर्व पार्षद मनोज पारख, रविप्रकाश सोनी, रोमी पोरवाल और मनोहरसिंह आंजना जैसे जनप्रतिनिधियों ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। यह महोत्सव धार्मिक एकता और भगवान महावीर के अहिंसा व जियो और जीने दो के संदेश को जन-जन तक पहुँचाने में सफल रहा।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
