बेगूं। गुर्जर गौड़ ब्राह्मण समाज के आराध्य देव महर्षि गौतम जी की जयंती गुरुवार को बेगूं में बड़े हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ मनाई गई। इस अवसर पर समाज के मंदिर, भगवान श्री मुरलीधर सेठ मंदिर में प्रातः विशेष पूजा-अर्चना एवं हवन का आयोजन किया गया।

शोभायात्रा का भव्य आयोजन और मार्ग

दोपहर बाद समाज के बड़े बालाजी स्थित गौतम आश्रम से एक विशाल शोभायात्रा निकाली गई। यह शोभायात्रा नगर के प्रमुख मार्गों—खुर्रा बाजार, केसरिया चौक, सदर बाजार, तंबोलियों का चौक, सिलोरिया की बावड़ी, ब्रह्मपुरी, बिल्लू मोहल्ला, अंचलियों का मोहल्ला, नोशालियों का मोहल्ला और लालबाई फूलबाई चौक होते हुए ब्राह्मणों की हताई स्थित भगवान श्री मुरलीधर सेठ मंदिर पहुंचकर संपन्न हुई। शोभायात्रा के समापन पर समाज के मंदिर में आरती का आयोजन किया गया। मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं द्वारा शोभायात्रा का पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया तथा पेयजल की व्यवस्था कर सेवा भाव का परिचय दिया गया।

भक्तिमय वातावरण और जनभागीदारी

शोभायात्रा में समाज के युवक-युवतियों, प्रबुद्धजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों की बड़ी संख्या में भागीदारी रही। पारंपरिक गीतों और ढोल की थाप पर युवक-युवतियां भक्ति रस में सराबोर होकर नृत्य करते नजर आए, जिससे पूरे नगर का वातावरण भक्तिमय हो गया।

समाज के प्रबुद्धजनों की गरिमामयी उपस्थिति

इस अवसर पर समाज के अध्यक्ष जगदीश चंद्र पंचोली, कैलाश चंद्र शर्मा, रंजना शर्मा, गोपाल डीडवानिया, दिनेश पंचोली, राकेश गुरुजी, सूर्य प्रकाश वत्स, सत्यनारायण डीडवानिया, हरीश पंचोली, आदित्य पंचोली, अनिल बिल्लू, दीपक बिल्लू, राकेश शर्मा, हरीश शर्मा, मुरली पंचोली, देवेश व्यास सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story