केपीएस सीनियर सेकेंडरी स्कूल, आकोला ने शिक्षा विभाग की अंडर-17 एवं अंडर-14 छात्र क्रिकेट प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले में अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराई। जिला स्तरीय प्रतियोगिता में विद्यालय की अंडर-14 क्रिकेट टीम चैंपियन रही, जबकि अंडर-17 टीम उपविजेता रही। इस प्रदर्शन के आधार पर विद्यालय के 6 होनहार खिलाड़ियों का राज्य स्तर पर चयन हुआ है।

विद्यालय डायरेक्टर जितेन्द्र कुमार सहलोत ने बताया कि चयनित सभी 6 छात्र चित्तौड़गढ़ जिले की क्रिकेट टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए राज्य स्तरीय टूर्नामेंट में खेलेंगे। अंडर-17 वर्ग में केपीएस स्कूल से हर्ष टांक एवं मनीष बंजारा का चयन हुआ है। वहीं अंडर-14 वर्ग में महादेव माली, सुरदीप चौधरी, अक्षत शर्मा और गतिक यादव का राज्य स्तर के लिए चयन किया गया है।

अंडर-14 वर्ग में केपीएस स्कूल के छात्र सुरदीप चौधरी को चित्तौड़गढ़ जिले की क्रिकेट टीम की कप्तानी की जिम्मेदारी भी सौंपी गई है। इसके साथ ही जिले की अंडर-14 टीम के कोच के रूप में केपीएस स्कूल के क्रिकेट कोच मुस्तकीम बारेजा को नियुक्त किया गया है। वे पूरी जिला टीम को प्रशिक्षण देंगे।

इस उपलब्धि के बाद आकोला गाँव में चयनित छात्रों का भव्य विजय जुलूस निकाला गया। नगरपालिका आकोला एवं नगरवासियों की ओर से चयनित खिलाड़ियों का स्वागत किया गया। खिलाड़ियों के राज्य स्तर पर चयन से आकोला नगर और विद्यालय का नाम पूरे चित्तौड़गढ़ जिले में रोशन हुआ है।

विद्यालय परिवार ने सभी चयनित छात्रों को बधाई देते हुए राज्य स्तर पर बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं। केपीएस स्कूल के छह खिलाड़ियों का जिला टीम में चयन, अंडर-14 टीम की कप्तानी और विद्यालय के क्रिकेट कोच की जिला टीम के कोच के रूप में नियुक्ति इस उपलब्धि को और महत्वपूर्ण बनाती है।

Nandlal Teli, Chittorgarh

Nandlal Teli, Chittorgarh

प्रातःकाल संवाददाता

परिचय:
नन्दलाल तेली 'प्रातःकाल' न्यूज़ पोर्टल में एक अनुभवी और समर्पित संवाददाता हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में 15 वर्षों का लंबा और गहन अनुभव रखने वाले नन्दलाल जी जमीन से जुड़ी समस्याओं और ग्रामीण भारत की आवाज़ को प्रमुखता से उठाने के लिए जाने जाते हैं।

कवरेज और विशेषज्ञता:

वे मुख्य रूप से चित्तौड़गढ़ जिले के भोपालसागर क्षेत्र की आकोला तहसील से ग्राउंड रिपोर्टिंग करते हैं। उनका मुख्य ध्यान 'शिक्षा' और 'स्वास्थ्य' जैसे महत्वपूर्ण सामाजिक विषयों पर रहता है, जिन पर वे नियमित रूप से ज्ञानवर्धक और सटीक रिपोर्ट साझा करते हैं। इसके साथ ही, वे गाँव की हर छोटी-बड़ी जन-समस्या को प्रशासन तक पहुँचाने और स्थानीय खबरों को निष्पक्षता से पाठकों के सामने रखने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

Next Story