करवा चौथ पर आकोला में सुहागिनों ने रखा निर्जला व्रत, चांद को अर्घ्य देकर की पति की दीर्घायु की कामना
आकोला में गुरुवार को करवा चौथ पर सुहागिन महिलाओं ने निर्जला व्रत रखकर पति की लंबी उम्र की कामना की। चौथ माता की कथा सुनने के बाद चांद को अर्घ्य दिया और पति के हाथों से पानी पीकर व्रत खोला।

आकोला में करवा चौथ पर पूजा-अर्चना के लिए एकत्र हुई सुहागिन महिलाएं।
पति की लंबी उम्र और सुहाग की सलामती की कामना के साथ आकोला क्षेत्र में गुरुवार को सुहागिन महिलाओं ने करवा चौथ का व्रत रखा। महिलाओं ने दिनभर निर्जला और निराहार रहकर व्रत किया। रात्रि में चंद्रोदय के बाद चांद को अर्घ्य देकर चौथ माता का पूजन किया और पति के हाथों से पानी पीकर व्रत खोला।
करवा चौथ के अवसर पर रात्रि में चांद दिखने से पहले महिलाओं ने समूह में चौथ माता की पूजा-अर्चना की। इस दौरान मिट्टी के करवे में गन्ना, चंवला, बोर, पानी और सुपारी आदि रखकर उसे लाल वस्त्र में बांधा गया। इसके बाद महिलाओं ने चौथ माता की कथा सुनी।
कथा श्रवण के बाद महिलाओं ने चंद्रोदय की प्रतीक्षा की। रात्रि में चांद दिखाई देने पर सुहागिनों ने चंद्रमा की पूजा की और अर्घ्य देकर अपने सुहाग की दीर्घायु की कामना की। पूजा-अर्चना के बाद महिलाओं ने सास और अन्य बड़े-बुजुर्गों का आशीर्वाद लिया। इसके बाद पति के हाथों से पानी पीकर व्रत का पारण किया।
करवा चौथ के अवसर पर आकोला में होली चौक, पायक चौक, रंगीला चौक, नीम चौक, अखाड़ा चौक और पुलिया के पास जवाहर नगर सहित विभिन्न स्थानों पर महिलाओं ने पूजा-अर्चना की। इस दौरान सुहागिन महिलाओं ने छलनी में पति के दर्शन कर करवा चौथ की परंपरा निभाई।

Nandlal Teli, Chittorgarh
प्रातःकाल संवाददाता
परिचय:
नन्दलाल तेली 'प्रातःकाल' न्यूज़ पोर्टल में एक अनुभवी और समर्पित संवाददाता हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में 15 वर्षों का लंबा और गहन अनुभव रखने वाले नन्दलाल जी जमीन से जुड़ी समस्याओं और ग्रामीण भारत की आवाज़ को प्रमुखता से उठाने के लिए जाने जाते हैं।
कवरेज और विशेषज्ञता:
वे मुख्य रूप से चित्तौड़गढ़ जिले के भोपालसागर क्षेत्र की आकोला तहसील से ग्राउंड रिपोर्टिंग करते हैं। उनका मुख्य ध्यान 'शिक्षा' और 'स्वास्थ्य' जैसे महत्वपूर्ण सामाजिक विषयों पर रहता है, जिन पर वे नियमित रूप से ज्ञानवर्धक और सटीक रिपोर्ट साझा करते हैं। इसके साथ ही, वे गाँव की हर छोटी-बड़ी जन-समस्या को प्रशासन तक पहुँचाने और स्थानीय खबरों को निष्पक्षता से पाठकों के सामने रखने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
