चित्तौड़गढ़। कृषि और किसान कल्याण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में किसान दिवस के अवसर पर चंदेरिया लेड जिंक स्मेल्टर क्षेत्र में किसान दिवस का आयोजन उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। यह कार्यक्रम जय चित्तोड़ फार्मर्स प्रोड्यूसर कंपनी एवं चंदेरिया लेड जिंक स्मेल्टर के आसपास के क्षेत्रों के किसानों की सहभागिता से आयोजित किया गया, जिसमें ग्रामीण कृषि विकास और सरकारी योजनाओं की जानकारी को केंद्र में रखा गया।

जय चित्तोड़ फार्मर्स प्रोड्यूसर कंपनी की स्थापना हिन्दुस्तान जिंक द्वारा बायफ के सहयोग से संचालित समाधान परियोजना के अंतर्गत की गई है। इस पहल के तहत लगातार तीसरे वर्ष किसान दिवस का आयोजन किया गया, जो क्षेत्र में किसानों के साथ निरंतर संवाद और सहयोग का प्रतीक बनता जा रहा है। कार्यक्रम में आसपास के गांवों से आए 100 से अधिक किसानों ने भाग लेकर इसे व्यापक जनसहभागिता प्रदान की।

कार्यक्रम के दौरान कृषि एवं पशुपालन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति रही। पशुपालन विभाग से सहायक संयुक्त निदेशक डॉ. सुमेर सिंह ने विभाग की वर्तमान में संचालित प्रमुख योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने विशेष रूप से पशु मंगला योजना पर प्रकाश डालते हुए किसानों को इसके लाभ और उपयोगिता से अवगत कराया तथा किसान दिवस के महत्व को रेखांकित किया। वहीं कृषि अधिकारी गोपाल धाकड़ ने कृषि विभाग की प्रमुख योजनाओं जैसे फव्वारा सिंचाई, तारबंदी और सोलर योजनाओं की जानकारी साझा की। इसके साथ ही उन्होंने वर्तमान में गेहूं की फसल में यूरिया की कमी को पूरा करने के उपायों पर भी किसानों का मार्गदर्शन किया।

कार्यक्रम में चंदेरिया स्मेल्टिंग कॉम्प्लेक्स की सीएसआर टीम की सक्रिय भागीदारी रही। बायफ के प्रतिनिधि ने पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की स्मृति में प्रति वर्ष मनाए जाने वाले किसान दिवस की ऐतिहासिक और सामाजिक महत्वता पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि जय चित्तोड़ फार्मर्स प्रोड्यूसर कंपनी से अब तक 2 हजार से अधिक शेयर होल्डर जुड़ चुके हैं और आने वाले वर्षों में इस संख्या को और बढ़ाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

किसान दिवस के इस आयोजन के दौरान प्रगतिशील किसानों को पारितोषिक एवं आधुनिक कृषि उपकरण प्रदान कर सम्मानित किया गया। यह आयोजन न केवल किसानों को सम्मान देने का अवसर बना, बल्कि उन्हें सरकारी योजनाओं, आधुनिक तकनीकों और सामूहिक प्रयासों के माध्यम से कृषि को सशक्त बनाने की दिशा में प्रेरित करने वाला साबित हुआ।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story